News in Brief

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. टीम के ऐलान के साथ ही माना जा रहा है कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए तैयार है, लेकिन वास्तविक स्थिति कुछ और है. पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने साफ किया है कि टीम की घोषणा को टूर्नामेंट में भागीदारी की पुष्टि के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.

पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने पर सस्पेंस

एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम की घोषणा के बाद मोहसिन नकवी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुने गए खिलाड़ियों के साथ एक बंद कमरे में बैठक की. बैठक में खिलाड़ियों को पीसीबी के मौजूदा रुख और सरकार की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई. लाहौर में हुई चर्चा के दौरान मोहसिन नकवी ने खिलाड़ियों और हेड कोच माइक हेसन से कहा, ‘हम सरकार की सलाह का इंतजार कर रहे हैं. सरकार जो भी फैसला लेगी, हम उसका पालन करेंगे. अगर वे नहीं चाहते कि हम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लें, तो हम नहीं जाएंगे.’

Add Zee News as a Preferred Source

रिपोर्ट्स में हुआ बड़ा खुलासा

इस बैठक में खिलाड़ियों को बांग्लादेश के समर्थन में पीसीबी के रुख के बारे में भी बताया गया. बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत जाने से इनकार कर दिया था, जिसे पाकिस्तान ने आईसीसी का गलत फैसला करार दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों ने इस मुद्दे पर पीसीबी और सरकार का समर्थन किया. खिलाड़ियों ने कथित तौर पर कहा कि बोर्ड और सरकार जो भी फैसला लेंगी, वे उसके साथ खड़े रहेंगे. पाकिस्तान के सोमवार को इस पूरे मामले पर अपना अंतिम फैसला घोषित करने की उम्मीद है.

पाकिस्तान पर बैन लगा सकता है ICC

मीडिया से बातचीत में नकवी ने रविवार को कहा कि बोर्ड अभी भी पाकिस्तान सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार कर रही है कि टीम को टी20 वर्ल्ड कप खेलना चाहिए या नहीं. उन्होंने कहा कि ये बात खिलाड़ियों को भी स्पष्ट रूप से बता दी गई है. टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत, नामीबिया, यूएसए और नीदरलैंड के साथ ग्रुप ए में रखा गया है. भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हो रहे टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने सारे मैच श्रीलंका में खेलेगी. अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला लेती है, तो आईसीसी उस पर सख्त प्रतिबंध लगा सकती है. वहीं टी20 वर्ल्ड कप में उसकी जगह युगांडा को मौका दिया जा सकता है.