Iran Executions Halted: व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को बताया कि ईरान में जिन 800 लोगों को फांसी दी जानी थी वह अब रोक दी गई है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप को यह जानकारी दी गई है कि तय तारीख पर होने वाली फांसी को टाल दिया गया है. लेविट के मुताबिक राष्ट्रपति के पास अब भी सभी विकल्प मौजूद हैं. अमेरिका ने साफ चेतावनी दी है कि अगर हिंसा और हत्याएं जारी रहीं तो आगे और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं. साथ ही ये भी कहा कि सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला है.
हिंसा को लेकर दबाव
अमेरिका का कहना है कि ईरान में चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों को बेहद हिंसक तरीके से दबाया गया है. मानवाधिकार संगठनों के अनुसार इन प्रदर्शनों में अब तक 2,600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इसी हिंसा और कथित फांसी की योजना को लेकर अमेरिका ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी.
नए प्रतिबंध और सख्त कदम
व्हाइट हाउस की पुष्टि से कुछ घंटे पहले ही अमेरिका ने ईरान के 5 अधिकारियों पर नए प्रतिबंध लगाए थे. इन अधिकारियों पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा फैलाने का आरोप है. इसके साथ ही अमेरिका ने ईरानी नेताओं के विदेशों में भेजे जा रहे पैसों पर नजर रखने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. इससे दबाव और बढ़ाया जा सकेगा.
ट्रंप बोले हत्याएं भी रुकीं
राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले कहा था कि ईरान में प्रदर्शनकारियों की हत्या रुक गई है. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि न सिर्फ फांसी की योजना रोकी गई है बल्कि प्रदर्शन से जुड़ी हत्याएं भी फिलहाल बंद हो गई हैं. ट्रंप ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जिन फांसियों की चर्चा हो रही थी वे अब नहीं होंगी.
चर्चा में एक प्रदर्शनकारी का मामला
इस पूरे मामले में 26 साल के ईरानी प्रदर्शनकारी एरफान सोलतानी का नाम भी सामने आया है. उन्हें कुछ दिन पहले हिरासत में लिया गया था. फांसी की आशंका जताई जा रही थी. हालांकि उनके परिवार ने बताया कि उनकी फांसी टाल दी गई है. ईरान के सरकारी टीवी चैनल ने कहा है कि उन्हें मौत की सजा नहीं सुनाई गई है.
ईरान ने क्या कहा
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने फांसी की खबरों से इनकार किया है. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में फांसी देने की कोई योजना नहीं है. उनके मुताबिक फांसी जैसी सजा का सवाल ही नहीं उठता है. हालांकि ईरान में पहले भी फांसी को सजा के तौर पर इस्तेमाल किया जाता रहा है.
हालात पर बनी है नजर
व्हाइट हाउस का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप खुद ईरान के हालात पर नजर बनाए हुए हैं. अमेरिका ने साफ कर दिया है कि अगर हिंसा फिर शुरू होती है तो इसके नतीजे गभीर हो सकते हैं. फिलहाल ईरान की ओर से फांसी रोकने का कदम तनाव के बीच एक बड़ा संकेत माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ईरानी मिसाइलें कहां तक पहुंच पाएंगी? ट्रंप ने बम बरसाए तो इन 8 देशों में हमला कर सकता है तेहरान
