Donald Trump 1.4 Billion Wealth Growth: न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप की कमाई क्रिप्टो कारोबार, विदेशी प्रोजेक्ट्स, टेक कंपनियों से हुए समझौते और मीडिया डील्स से हुई है. राष्ट्रपति बनने के बाद कम से कम 1.4 अरब डॉलर की कमाई की है. इसी के साथ वह अमेरिका के अब तक के सबसे अमीर राष्ट्रपति बन गए हैं. 

कई गुना बढ़ी कमाई
यह रकम अमेरिका के औसत परिवार की सालाना कमाई से करीब 16,800 गुना ज्यादा बताई गई है. रिपोर्ट में उन सभी कमाई के तरीकों को जोड़ा गया है जिनकी जानकारी सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध है. जिसमें बताया गया है कि असली आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है. क्योंकि ट्रंप के कई निजी कारोबार सार्वजनिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं.

राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप की संपत्ति
राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप की कुल संपत्ति बढ़कर करीब 6.6 अरब डॉलर हो गई है. इस तरह उन्होंने एक साल में अपनी दौलत लगभग दोगुनी कर ली है. साथ ही अमेरिका के इतिहास के सबसे अमीर राष्ट्रपति का खिताब अपने नाम कर लिया है.

Add Zee News as a Preferred Source

अलग-अलग देशों में प्रोजेक्ट्स
न्यूयॉर्क टाइम्स की मुताबिक, 2025 में दोबारा चुने जाने के बाद ट्रंप परिवार ने विदेशों में अपने नाम के इस्तेमाल से करीब 2.3 करोड़ डॉलर कमाए हैं. ओमान, भारत और रियाद जैसे देशों में कुल 20 अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के लिए ट्रंप नाम को लाइसेंस दिया गया है. इन प्रोजेक्ट्स के लिए विदेशी सरकारों के साथ तालमेल भी जरूरी था. 

बता दें कि वियतनाम में एक बड़ा मामला सामने आया जहां ट्रंप संगठन को 1.5 अरब डॉलर का ट्रंप ब्रांडेड गोल्फ रिसॉर्ट मिला. इसके बाद वियतनाम पर लगाए जाने वाले टैरिफ को कम कर दिया गया.

अमेजन से आया बड़ा हिस्सा
ट्रंप परिवार की कमाई में एक और बड़ा हिस्सा अमेजन से आया. मेलानिया ट्रंप पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री के लिए अमेजन ने करीब 2.8 करोड़ डॉलर दिए. यह रकम अमेजन द्वारा खरीदी गई ऐसी किसी भी दूसरी डॉक्यूमेंट्री से कहीं ज्यादा बताई जा रही है. इसके अलावा कतर ने ट्रंप को करीब 40 करोड़ डॉलर का एक विमान दिया. फिलहाल ट्रंप इस जेट को एयर फोर्स वन के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं. योजना है कि पद छोड़ने के बाद भी वह इसे अपने पास रखेंगे.

टेक और मीडिया कंपनियों से समझौते
रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद टेक और मीडिया कंपनियों ने करीब 9.05 करोड़ डॉलर के समझौते किए है. इनमें X, ABC न्यूज, मेटा, यूट्यूब और पैरामाउंट जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं. ऐसा कहा गया है कि ट्रंप की निजी कानूनी टीम के दबाव के बाद इन कंपनियों ने समझौते किए है. इन पैसों का बड़ा हिस्सा डोनाल्ड जे ट्रंप प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी फंड नाम की निजी संस्था को गया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि ये सिर्फ कानूनी समझौते नहीं थे बल्कि बदले में फायदे वाले सौदे भी थे.

एक उदाहरण पैरामाउंट का है जिसने कमला हैरिस के एक इंटरव्यू की कथित गलत एडिटिंग के मामले में 1.6 करोड़ डॉलर चुकाए. इसके बदले तीन हफ्ते के भीतर फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन ने पैरामाउंट और स्काइडांस के बीच 8 अरब डॉलर के मर्जर को मंजूरी दे दी.

न्यू यॉर्क टाइम्स के मुताबिक इन सभी सौदों और कमाई के तरीकों ने ट्रंप की दौलत को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया है. हालांकि रिपोर्ट यह भी साफ करती है कि यह आंकड़ा सिर्फ सामने आई जानकारी पर आधारित है. असल कमाई इससे ज्यादा भी हो सकती है.

यह भी पढ़ें: हैरान करने वाले लिए फैसले, अब दोस्त भी साध रहे निशाना, साल भर में ट्रंप ने कैसे बदल दिया दुनिया का समीकरण?