Lula da Silva confirms India visit: ब्राजील और भारत के रिश्ते काफी अच्छे माने जाते हैं. हाल ही में वहां के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लुला दा सिल्वा ने ये साफ किया है कि फरवरी में भारत का दौरा करेंगे. ये यात्रा अमेरिका के वशिंगटन की यात्रा से पहले होगा. लुला ने ये जानकारी डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बाततीत के बाद सोशल मीडिया पर साझा की है. उन्होनें लिखा की पहले वो भारत और दक्षिण कोरिया का दौरा करेंगे. वापसी में वशिंगटन की यात्रा की तारीख तय की जा सकती है.
हटा दिए हैं ब्राजील के उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ
ट्रंप और सिल्वा की बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक एजेंडा पर ध्यान दिया गया था. लुला ने बताया कि दोनों देशों की आर्थिक स्थिति पर जानकारी साझा की गई और कहा कि हमारे रिश्ते ऐसे ही अच्छे बने रहेंगे जो भविष्य के लिए अच्छे संकेत हैं. ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ब्राजील की बढ़ती अर्थव्यवस्था पूरे क्षेत्र के लिए फायदेमंद है. लुला ने यह भी कहा कि हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच अच्छे संबंध बने हैं, जिससे ब्राजील के उत्पादों पर लगाए गए कुछ टैरिफ हटा दिए गए हैं.
लुला ने संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव दोहराया है, जिसमें संगठित अपराध, मनी लॉन्ड्रिंग और हथियार तस्करी के खिलाफ मिलकर काम करना शामिल है. उन्होंने आपराधिक समूहों की संपत्तियों को फ्रीज करने और वित्तीय लेनदेन का डेटा साझा करने की योजना भी साझा की है, जिसे ट्रम्प ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है. इसके अलावा, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुधार और सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों के विस्तार की आवश्यकता पर भी जोर दिया है.
मोदी और लुला ने की बातचीत
भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय संबंधों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लुला ने हाल ही में बातचीत की है. दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और लोगों के बीच आदान-प्रदान जैसे कई क्षेत्रों में प्रगति पर चर्चा की है. उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों पर अपने विचार साझा किए और कहा कि मिलकर काम करने और बहुपक्षीय सहयोग की जरूरत है.
ब्राज़ील और भारत दोनों ब्रिक्स समूह के सदस्य हैं. यह बातचीत ऐसे समय में हुई जब अमेरिका ने दोनों देशों पर टैरिफ लगाए थे. ट्रम्प ने हाल ही में भारत के साथ एक अच्छा व्यापार समझौता करने की उम्मीद जताई और प्रधानमंत्री मोदी को शानदार नेता और अच्छा मित्र बताया था. इस यात्रा से भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: खत्म होने वाली थी ये नस्ल, भारतीय सेना ने बना लिया अपना ‘कमांडो’! जंस्कारी पोनी की दहाड़ से गूंज उठा कर्तव्य पथ
