News in Brief

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

डॉ. मनसुख मांडव‍िया, श्रीमती रक्षा खडसे ने विशाखापत्तनम में ब्रिक्स मैत्री साइकिलिंग कार्यक्रम का नेतृत्व किया


ब्रिक्स देशों के मंत्रियों और विभागाध्यक्षों ने फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकि‍ल के 87वें संस्करण में शामिल हुए

प्रविष्टि तिथि: 23 AUG 2026 3:04PM by PIB Delhi

विशाखापत्तनम, 23 अगस्त : केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने भारत द्वारा आयोजित ब्रिक्स युवा एवं खेल मंत्रियों की बैठक से इतर आज विशाखापत्तनम में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 87वें संस्करण में ब्रिक्स मैत्री साइकिलिंग कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

मिस्र, इथोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, ईरान और दक्षिण अफ्रीका के मंत्रियों और विभागाध्यक्षों ने साइकिलिंग कार्यक्रम में भाग लिया। यह ब्रिक्स देशों के बीच मित्रता और सहयोग की भावना को दर्शाता है।

इस सप्ताह के फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का विषय ‘उन्नत भारत अभियान’ था।

डॉ. मनसुख मांडविया ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा परिकल्पित फिट इंडिया मूवमेंट पूरे देश में लगातार फैल रहा है।

आज, युवाओं ने ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम के तहत देशभर में 18,000 से अधिक स्थानों पर साइकिल चलाई और फिटनेस का संदेश दि‍या। साइकिल चलाने के कई फायदे हैं – यह एक बेहतरीन व्यायाम है, यातायात जाम को कम करने में मदद करता है और प्रदूषण को कम करने में योगदान देता है। साइकिल चलाने से ईंधन की बचत होती है और विदेशी मुद्रा की बचत में भी मदद मिलती है। इसलिए, आइए हम सब स्वस्थ रहें ताकि एक विकसित भारत का निर्माण हो सके, उन्होंने कहा।

अतिथियों ने ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल के राष्ट्रव्यापी स्तर की सराहना की और डॉ. मांडविया को भारत भर के समुदायों में साइकिलिंग आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी।

डॉ. मांडविया ने आगे कहा कि स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए फिटनेस मूलभूत आवश्‍यकता है।

जब व्यक्ति स्वस्थ रहता है तो समाज स्वस्थ रहता है और एक स्वस्थ समाज एक समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। मोदी जी ने भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए, आइए हम सभी हर रविवार को साइकिल चलाकर खुद को फिट रखें, उन्होंने कहा।

फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का 87वां संस्करण नई दिल्ली, लेह, कारगिल और पोर्ट ब्लेयर सहित पूरे देश में आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत की शपथ भी ली। इसमें युवाओं ने मादक पदार्थों के सेवन से लड़ने और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

नई दिल्ली में, प्रतिष्ठित मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 5:30 बजे से शुरू हुई फिटनेस गतिविधियों – योग, ज़ुम्बा और रस्सी कूदना में 1,000 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। इसके बाद इंडिया गेट के चारों ओर 5 किलोमीटर की साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया।

भारतीय हैंडबॉल टीम के पूर्व कप्तान और कोच नवीन पुनिया और ज़ुम्बा एवं नृत्य कोरियोग्राफर शिविका अश्विनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, रस्साकशी और बाधा दौड़ जैसे खेलों के लिए एक विशेष खेल क्षेत्र भी बनाया गया था। इनमें 5 से 85 वर्ष की आयु के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की फिट इंडिया मूवमेंट के तहत एक पहल है। इसका आयोजन साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई), राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत के सहयोग से किया जाता है।

यह साइकिलिंग अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है। इसमें भारतीय खेल प्राधि‍करण (एसएआई) के क्षेत्रीय केंद्र, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई), एसएआई के प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र (केआईएससीई) और खेलो इंडिया केंद्र (केआईसी) शामिल हैं।

****

पीके/केसी/पीपी/आरके

(रिलीज़ आईडी: 2302490) आगंतुक पटल : 17

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati