Motaleb Shikder: छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के कुछ दिनों बाद सोमवार को बांग्लादेश में एक अन्य नेता को गोली मार दी गई. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित की पहचान मोतालेब शिकदर के रूप में हुई है जिसे खुलना में हमलावरों ने सिर पर गोली मार दी. रिपोर्ट के अनुसार, शिकदर नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के नेता हैं जो इसके खुलना मंडल प्रमुख और एनसीपी श्रमिक शक्ति के केंद्रीय आयोजक के रूप में कार्यरत हैं. सोनाडांगा मॉडल पुलिस स्टेशन के अधिकारी अनिमेष मंडल के अनुसार, शिकदर को गंभीर हालत में खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने बताया कि गोली कान के एक तरफ से प्रवेश कर दूसरी तरफ से बाहर निकल गई है. जानकारी के अनुसार, उनकी हालत खतरे से बाहर है. बता दें, ये हमला ढाका विश्वविद्यालय के कट्टरपंथी छात्र समूह इंकलाब मंच के संस्थापक उस्मान हादी की हत्या के विरोध में फैली हिंसा के दौरान हुई है.
ये भी पढ़ें: मुनीर की चापलूसी फिर आई काम, ट्रंप के बाद अब किंग सलमान ने भर दी झोली; दे दिया ये विशेष सम्मान
12 दिसंबर को हुई थी हादी की हत्या
इस बीच आपको बता दें कि शरीफ उस्मान हादी को 12 दिसंबर को ढाका के बिजोयनगर इलाके में रिक्शा में यात्रा करते समय करीब से गोली मार दी गई थी. 15 दिसंबर को उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से सिंगापुर ले जाया गया लेकिन 18 दिसंबर को चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी. उनकी मृत्यु के बाद ढाका में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए जिसमें कार्यकर्ताओं ने अपने दिवंगत नेता के लिए न्याय की मांग की.
बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा के पीछे यूनुस सरकार: शेख हसीना
बता दें, बांग्लादेश में अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के सत्ता से हटने के बाद से देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा की घटनाओं की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. 18 दिसंबर को हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा के दौरान मीडिया को विशेष रूप से निशाना बनाए जाने की जानकारी मिली थी. कई स्थानों पर पत्रकारों पर हमले किए गए थे. एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास पर कथित तौर पर ईशनिंदा का आरोप लगाकर भीड़ द्वारा हत्या किए जाने की घटना भी सामने आई थी. इसके अलावा एक रिक्शा चालक को भारतीय खुफिया एजेंसी का एजेंट बताकर उसके साथ मारपीट किए जाने की भी खबर आई थी, इन घटनाओं के बीच मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार को लेकर कट्टरपंथी तत्वों के हौसले बढ़ने के आरोप लगाए जा रहे हैं. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दावा किया है कि अंतरिम सरकार को इन तत्वों का परोक्ष समर्थन प्राप्त है. शेख हसीना ने एक साक्षात्कार में कहा कि बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा के पीछे यूनुस सरकार की भूमिका है और वह जानबूझकर भारत-बांग्लादेश संबंधों को खराब करने की कोशिश कर रहे है.
