
Nargis Mohammadi Sentence News in Iran: यूएस के साथ जंग की बढ़ती आशंकाओं के बावजूद ईरान का कट्टरपंथी खामेनेई शासन अपने रवैये में बदलाव लाने को तैयार नहीं है. वहां की अदालत ने सुधारवादी नोबेल पुरस्कार विजेता नर्गिस मोहम्मदी को 6 साल जेल की सजा सुनाई है. उन पर आरोप है कि नर्गिस ने लोगों को अपराध करने के लिए उकसाया और साजिश रची. सजा सुनाने के साथ ही नर्गिस के देश छोड़ने पर 2 साल का बैन भी लगा दिया गया है.
ईरान का चर्चित चेहरा हैं नर्गिस मोहम्मदी
मोहम्मदी के वकील मोस्तफा नीली ने बताया कि नर्गिस को प्रचार गतिविधियों में शामिल होने के लिए डेढ़ साल की एक्सट्रा सजा भी सुनाई गई है. इस सजा को भुगतने के लिए उन्हें दक्षिण खोरासान के शहर खोस्फ में निर्वासित कर दिया जाएगा. जहां पर उन्हें 2 साल जेल में बिताने होंगे.
बताते चलें कि नर्गिस मोहम्मदी (53 वर्ष) ईरान में एक चर्चित चेहरा हैं. वे ईरान में मृत्युदंड और महिलाओं के लिए अनिवार्य ड्रेस कोड के खिलाफ लंबे समय से अभियान चला रही हैं. इसकी वजह से खामेनेई शासन ने उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज करवा रखे हैं और बार-बार उन्हें जेल में डालता रहा है. उनके बच्चे पेरिस में रहते हैं. वे 2015 के बाद से अपने बच्चों से नहीं मिल पाई हैं.
2023 में मिल चुका है नोबेल शांति पुरस्कार
उन्हें 2023 में नोबेल शांति पुरस्कार मिला था. जब उन्हें पुरस्कार देने का ऐलान हुआ तो वे जेल में थी. इसकी वजह से उनके बच्चों ने उनकी ओर से नोबेल पुरस्कार ग्रहण किया. दिसंबर 2024 में ट्यूमर की वजह से उन्हें तीन हफ्तों के लिए मेडिकल आधार पर रिहा किया गया था. इसके बाद उन्हें फिर से जेल में डाल दिया गया.
जेल भेजने के बाद भी शांत नहीं हुई आवाज
हालांकि जेल भेजने के बावजूद खामेनेई शासन उनकी आवाज चुप नहीं करवा पाया है. उन्होंने वहीं पर प्रदर्शन और भूख हड़ताल कर अपनी आवाज उठाना जारी रखा. अब जेल में रहते हुए उन्हें एक बार फिर कठपुतली कोर्ट ने कई साल और जेल की सजा सुना दी है. ईरानी कानून में जेल की सजाएं एक साथ चलती हैं. ऐसे में उन्हें लंबे वक्त तक फिर से जेल में रहना पड़ सकता है.

