T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट से पहले जिस टीम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह भारतीय टीम है. क्रिकेट के बड़े-बड़े जानकार भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने का प्रबल दावेदार मान रहे हैं. भारतीय टीम के पास तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने का मौका है. ऐसा इसलिए, क्योंकि भारत को अपने घरेलू मैदानों पर खेलने का फायदा मिलेगा. भारत के पास अब तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने का मौका है.
तीसरी ट्रॉफी पर भारत की नजरें
भारत ने साल 2007 में अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने तब पाकिस्तान को फाइनल में 5 रन से हराते ही इतिहास रच दिया था और पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया था. इसके बाद भारत ने साल 2024 में अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. भारत ने फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को 7 रन से मात देते ही दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने का कमाल किया था. अब सूर्यकुमार यादव के पास भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जिताकर इतिहास रचने का मौका है. ऐसा करते ही वह महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे महान कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे.
भारत की ताकत
टीम इंडिया के पास T20I में शानदार बैटिंग लाइनअप है, जो लगातार स्कोर कर रही है. भारतीय टीम में विस्फोटक ओपनर्स, मजबूत मिडिल ऑर्डर बैटर्स और तूफानी फिनिशर्स के बेहतरीन ऑप्शन हैं, जो हालात या मैच की स्थिति की परवाह किए बिना लगातार रन बनाते हैं.टीम इंडिया के पास अभिषेक शर्मा जैसे घातक बल्लेबाज हैं. अभिषेक शर्मा का T20I में स्ट्राइक-रेट 194.75 हैं. इसके अलावा उसके पास संजू सैमसन और ईशान किशन के रूप में दो और बेहतरीन ओपनिंग बल्लेबाज हैं. मिडिल ऑर्डर में टीम इंडिया के पास कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं, जो चंद गेंदों में मैच का पासा पलटने में माहिर हैं. टीम इंडिया के पास लोअर ऑर्डर में हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह और शिवम दुबे जैसे ऑलराउंड फिनिशर्स हैं. अक्षर पटेल भी बल्लेबाजी में भारतीय टीम को मजबूती देते हैं. भारत की मिडिल-ओवर्स की बॉलिंग एक निर्णायक ताकत है, जो कंट्रोल, वैरायटी और विकेट लेने की काबिलियत से मैच का रुख बदल देती है. इसमें टॉप-क्लास स्पिनर्स और पेस ऑप्शन मिलकर रनों पर ब्रेक लगाते हैं और T20 में मोमेंटम हासिल करते हैं.
भारत की कमजोरी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का ओपनिंग कॉम्बिनेशन क्या होगा, इसको लेकर अभी कुछ भी साफ नहीं है. संजू सैमसन खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. ऐसे में अभिषेक शर्मा के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को ओपनिंग के लिए उतारा जा सकता है. भारत के पास बहुत सारे स्पिनर हैं, लेकिन वे बीच के ओवरों में विकेट लेने के लिए अपने मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर बहुत ज्यादा निर्भर रहते हैं. हालांकि अक्षर पटेल और कुलदीप यादव भी हैं, लेकिन वे कंट्रोल बनाने में ज्यादा उपयोगी रहे हैं. तिलक वर्मा ने खुद को भारत के T20 प्लान का एक अहम हिस्सा साबित किया है. दबाव में भी शांत रहकर बैटिंग करने की उनकी काबिलियत उन्हें बहुत कीमती खिलाड़ी बनाती है. हालांकि, वह फिलहाल टेस्टिकुलर टॉर्शन की सर्जरी से रिकवर हो रहे हैं. तिलक वर्मा अगर टूर्नामेंट के लिए वापस आते हैं, तो उनके पास तैयारी के लिए बहुत कम समय होगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत कब-कब खेलेगा अपने मैच?
भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के ग्रुप-A में शामिल है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत USA (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ मैच से करेगी. बता दें कि भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच 7 फरवरी को USA (संयुक्त राज्य अमेरिका) के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है. इसके बाद भारत को नामीबिया के खिलाफ 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अपना दूसरा मैच खेलना है. 15 फरवरी को भारत का सामना चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच खेलेगी.
कौन होगा एक्स फैक्टर?
हार्दिक पांड्या एक बार फिर इस टीम के एक्स फैक्टर लग रहे हैं. अपने अनुभव, दबाव वाली स्थितियों में शांत रहने और गेम बदलने की काबिलियत के कारण, हार्दिक पांड्या इस टूर्नामेंट के लिए एक्स-फैक्टर लग रहे हैं. हार्दिक पांड्या भारत को दो ICC ट्रॉफी जिताने में बड़ा रोल निभा चुके हैं. हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान 6 पारियों में 144 रन बनाए थे. वहीं, बतौर तेज गेंदबाज हार्दिक पांड्या ने 11 विकेट लेकर भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जिताने में बड़ा रोल निभाया था. ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में हार्दिक पांड्या ने 4 पारियों में 99 रन बनाए थे. वहीं, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 4 विकेट झटके थे. भारत ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी जीता था, जिसमें हार्दिक पांड्या का बड़ा रोल रहा है.
टी20 वर्ल्डकप 2026 में भारत का शेड्यूल (ग्रुप स्टेज)
भारत बनाम USA – पहला मैच – 7 फरवरी (मुंबई)
भारत बनाम नामीबिया – दूसरा मैच – 12 फरवरी (दिल्ली)
भारत बनाम पाकिस्तान – तीसरा मैच – 15 फरवरी (कोलंबो)
भारत बनाम नीदरलैंड्स – चौथा मैच – 18 फरवरी (अहमदाबाद)
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.
