IND vs NZ ODI: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में भारत को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. डेरेल मिचेल के शानदार शतक की बदौलत ब्लैक कैप्स ने आराम से 285 रनों का पीछा कर सीरीज में वापसी कर ली है. तीन मैचों की शृंखला का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रविवार, 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा. भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच होने वाला तीसरा ODI टीम इंडिया के एक स्टार खिलाड़ी के करियर के लिए भी बेहद निर्णायक साबित हो सकता है.
हम बात कर रहे हैं स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दोनों मैचों में बिल्कुल बेसर दिखे हैं. राजकोट में खेले गए दूसरे ODI में जडेजा ना बल्ले से छाप छोड़ सके और ना ही गेंद से कोई जादू दिखा सके. ऐसे में उनके एकदिवसीय करियर पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं.
दांव पर जडेजा का ODI करियर
विराट कोहली और रोहित शर्मा की तरह रविंद्र जडेजा भी अब उम्र के उस पड़ाव पर हैं, जहां से उनके खराब प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. अगले 50-ओवर वर्ल्ड कप में अभी एक साल से अधिक का समय बाकी है, ऐसे में अगर जडेजा फेल होते हैं तो चयनकर्ता उनकी जगह दूसरे विकल्प को तैयार करने के बारे में सोच सकते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में रविंद्र जडेजा की लंबे समय बाद ODI में वापसी हुई है, लेकिन वो इस मौका का फायदा उठाने में अभी तक नाकाम रहे हैं.
ना चला बल्ला… ना गेंद से कमाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ अभी तक दो वनडे इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. वडोदरा में हुए पहले मुकाबले में जडेजा 4 रन बनाकर आउट हो गए थे और गेंद से भी बेसर होते हुए 9 ओवरों में 56 रन देकर कोई विकेट हासिल नहीं की थी. राजकोट में ये भी यही हाल रहा. स्टार ऑलराउंडर ने 44 गेंदों का सामना किया, लेकिन कभी रंग में नहीं दिखे और 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इससे भी बुरा हाल गेंदबाजी में रहा, जहां उन्होंने 8 ओवर में बिना विकेट लिए 44 रन लुटा दिए.
तीसरे ODI में जडेजा को दिखाना होगा जादू
ऐसे मे बड़ा सवाल ये है कि क्या चयनकर्ता और टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर स्टार ऑलराउंडर को और मौका देंगे? न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में होने वाले तीसरा ODI रविंद्र जडेजा के करियर का अहम मुकाबला साबित हो सकता ही. इस रोल के लिए अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी पहले से टीम में हैं. फिलहाल अक्षर को आराम दिया गया है और इसी वजह से जडेजा को मौका मिला था, जिसे वो अभी तक भुनाने में नाकाम रहे हैं. अगर उन्हें 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप प्लान में फिट होना है तो न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे मैच में बल्ले या गेंद से छाप छोड़ना ही होगा.
रविंद्र जडेजा का ODI करियर
37 साल के रविंद्र जडेजा ने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ मैच में भारत के लिए वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. होनहार ऑलराउंडर ने ODI में अब तक 209 मुकाबले खेले हैं. उन्होंने 32.50 की औसत से 2893 रन बनाए हैं, वहीं लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी से 232 विकेट चटकाए हैं.
ये भी पढ़ें: शुभमन की कप्तानी पर लगा बड़ा दाग! न्यूजीलैंड ने बदला इतिहास तो याद आया रोहित शर्मा का ये महारिकॉर्ड
