
नाइजीरिया के 3 चर्च पर बंदूकधारियों ने कब्जा कर लिया है और वहां पर 150 से ज्यादा ईसाई श्रद्धालुओं को बंधक बना लिया है. उत्तरी-पश्चिमी नाइजीरिया में कडुना राज्य में तीन अलग-अलग चर्च में बंदूकधारियों ने लोगों को बंधक बनाया है. राज्य के विधायक ने सोमवार (19 जनवरी) को न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि कडुना राज्य में अलग-अलग चर्चों में प्रार्थना सभा के दौरान बंदूकधारियों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. चर्च से अचानक 150 से भी ज्यादा श्रद्धालुओं के अपहरण के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
राज्य संसद में उस इलाके का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक उस्मान डानलामी स्टिंगो के मुताबिक, ‘यह हमला रविवार को कडुना राज्य के काजुरु इलाके के कुरमिन वाली में हुआ, जब इवेंजेलिकल चर्च विनिंग ऑल (ECWA), चेरुबिम एंड सेराफिम संप्रदाय से संबंधित एक चर्च और एक कैथोलिक चर्च में भारी संख्या में लोग प्रार्थना सभाओं में उपस्थित हुए थे.’ उन्होंने कहा, ‘कल तक 177 लोग लापता थे, और 11 वापस आ गए. इसलिए अभी भी 168 लोग लापता हैं.’ कडुना राज्य की पुलिस ने कोई टिप्पणी नहीं की है.
नाइजीरिया में ऐसे हमले आम बात
किसी भी समूह ने इसकी ज़िम्मेदारी नहीं ली है. नाइजीरिया जो अफ्रीका का सबसे ज़्यादा आबादी वाला देश है वहां पर ऐसे हमले आम बात हैं. जहां कई गिरोह और धार्मिक सशस्त्र समूह सीमित सुरक्षा और सरकारी मौजूदगी वाले दूरदराज के समुदायों पर हमला करते हैं. देश का उत्तरी क्षेत्र सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है.
अमेरिका ने इस्लामिक स्टेट समूह को बनाया था निशाना
चर्चों पर इसी तरह के हमलों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कुछ अमेरिकी सांसदों द्वारा ईसाइयों के उत्पीड़न के आरोपों को जन्म दिया है. अमेरिकी सरकार ने 25 दिसंबर को सोकोटो में सैन्य हमले किए, कथित तौर पर इस क्षेत्र में एक इस्लामिक स्टेट समूह को निशाना बनाया गया.
यह भी पढ़ेंः पुर्तगाल की राजनीति में भूचाल! कट्टर दक्षिणपंथी वेंचुरा ने किया बड़ा उलटफेर…
