BNP MPs not to take duty-free cars and govt plots: ढाका में आज का दिन यादगार बन गया. जहां एक तरफ नए सांसद शपथ ले रहे थे, वहीं बीएनपी के सांसदों ने ऐसा फैसला लिया जो सीधे जनता के दिल में उतर गया. उन्होंने साफ कह दिया कि ना सरकारी प्लॉट लेंगे, ना ड्यूटी-फ्री लग्जरी गाड़ियां. VIP कल्चर से दूरी बनाकर सादगी और ईमानदारी का रास्ता चुना है. प्रोथोम एलो में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला सामने आया है. हाल ही में चुने गए Bangladesh Nationalist Party (BNP) के सांसदों ने तय किया है कि वे सरकार की ओर से मिलने वाली ड्यूटी-फ्री गाड़ियां और सरकारी प्लॉट नहीं लेंगे. यह फैसला मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई संसदीय दल की बैठक में लिया गया.

बीएनपी सांसदों का बड़ा फैसला
पार्टी नेताओं का कहना है कि जनता ने उन्हें सुविधाएं लेने के लिए नहीं, बल्कि काम करने के लिए चुना है. BNP के मीडिया सेल के सदस्य सायरुल कबीर खान ने मीडिया को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी सांसदों ने एकमत से यह निर्णय लिया.  बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य शैरुल कबीर खान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमारे सांसदों ने तय किया है कि ड्यूटी-फ्री वाहन नहीं लेंगे और सरकारी प्लॉट भी नहीं लेंगे.” बांग्लादेश में सांसदों को ये सुविधाएं सालों से मिलती आ रही हैं. ड्यूटी-फ्री से आयात की गई महंगी कारें और ढाका में बेहतरीन लोकेशन पर प्लॉट. ये सब आम आदमी के लिए दूर की कौड़ी लगते हैं. लेकिन पिछले सालों में भ्रष्टाचार और महंगाई ने जनता को इतना त्रस्त कर दिया कि अब लोग ऐसे नेताओं की तलाश में हैं जो बातों से नहीं, काम से दिखाएं. बीएनपी के इस फैसले ने ठीक वैसा ही किया.

तारिक रहमान का एजेंडा बिल्कुल क्लियर
तारिक रहमान, जो 17 साल के निर्वासन के बाद दिसंबर में लौटे थे, अब बीएनपी को भारी बहुमत दिलाकर सत्ता में लाए हैं. चुनाव में पार्टी ने भारी जीत हासिल की. शपथ के दिन ही उन्होंने सांसदों को निर्देश दिया कि पार्टी के चुनावी वादों पर अमल करें. और ये फैसला उसी की शुरुआत है.

Add Zee News as a Preferred Source

जमात ने भी सुविधाएं लेने से किया मना
सिर्फ बीएनपी ही नहीं, जमात-ए-इस्लामी के सांसदों ने भी पहले से ऐलान कर रखा था कि वे ऐसी सुविधाएं नहीं लेंगे. जमात के नेता शफीकुर रहमान और शिशिर मुनिर ने कहा था कि जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए ये कदम जरूरी है. अब दोनों पार्टियां एक जैसा रुख दिखा रही हैं, जो राजनीति में सादगी का नया दौर शुरू कर सकता है. लोग सोशल मीडिया पर तारीफों के पुल बांध रहे हैं. कोई कह रहा है, “आखिरकार नेता जनता जैसा जीने को तैयार हुए.” कोई लिख रहा है, “VIP कल्चर खत्म होने की शुरुआत!” कुलमिलाकर तारिक रहमान की अगुवाई में बीएनपी अब नई शुरुआत कर रही है. देखना ये है कि आगे क्या-क्या बदलाव आते हैं. लेकिन आज का दिन बांग्लादेश की राजनीति में एक नई मिसाल पेश की है.