Donald Trump: भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को सुलझाने का दावा करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर कहा है कि नोबेल शांति पुरस्कार के लिए इतिहास में उनसे अधिक योग्य कोई नहीं है. उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की इस सम्मान को प्राप्त करने के लिए आलोचना भी की और कहा कि उन्होंने कुछ भी नहीं किया. बता दें, ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में तेल और गैस क्षेत्र के अधिकारियों के साथ वेनेजुएला के तेल भंडार की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए हुई बैठक के दौरान पिछले साल मई में हुए संघर्ष में 8 जेट विमानों को मार गिराए जाने के अपने दावे को दोहराया हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे किस देश के थे.
ट्रंप ने फिर की खुद की तारीफ
ट्रंप ने कहा कि देखिए, लोग ट्रंप को पसंद करें या न करें, मैंने 8 बड़े युद्धों का निपटारा किया है. कुछ युद्ध 36 साल, 32 साल, 31 साल, 28 साल, 25 साल से चल रहे थे, जबकि कुछ भारत और पाकिस्तान जैसे युद्ध शुरू होने ही वाले थे जहां पहले ही आठ जेट विमानों को मार गिराया जा चुका था. अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, जिन्होंने पिछले साल व्हाइट हाउस का दौरा किया था ने दोनों परमाणु-सशस्त्र पड़ोसी देशों के बीच संघर्ष को रोककर लाखों लोगों की जान बचाने का श्रेय उन्हें दिया था.
ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का हवाला देते हुए कहा कि पुतिन भी कई युद्धों को रोकने में असफल रहे और उन्हें उनके प्रयासों पर विश्वास नहीं हो रहा था. उन्होंने कहा कि सैद्धांतिक रूप से, हर उस युद्ध के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए जिसे आपने रोका.
ये भी पढ़ें: वेनेजुएला के तेल पर ट्रंप का सख्त रुख, अमेरिका ने कैरेबियन में एक और टैंकर किया जब्त- Video
इस बीच, ट्रम्प से वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो के बारे में पूछा गया, जिन्होंने पिछले साल अपना नोबेल शांति पुरस्कार उन्हें समर्पित करने का प्रस्ताव दिया था. ट्रंप ने कहा कि मचाडो अगले सप्ताह वाशिंगटन आएंगी और उनसे मिलने के लिए उत्सुक हैं. उन्होंने मचाडो के आने को बहुत अच्छा बताते हुए कहा कि यह नॉर्वे की नोबेल समिति की शर्मिंदगी को भी दर्शाता है. ट्रम्प ने यह भी दोहराया कि भारत और पाकिस्तान जैसी परमाणु शक्तियों के बीच उनका मध्यस्थता प्रयास एक बड़े युद्ध को टालने में निर्णायक था. इस प्रकार ट्रंप ने अपने शांति प्रयासों और युद्धों को रोकने के दावे को सार्वजनिक रूप से दोहराया और नोबेल पुरस्कार के लिए अपनी योग्यता पर फिर जोर दिया.
