
IND vs NZ: भारत के खिलाफ सीरीज के दूसरे इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी करते हुए 7 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. बुधवार (14 जनवरी) को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 284 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसे ब्लैक कैप्स ने आसानी से हासिल कर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली. भारत की धरती पर ये न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा रन चेज रहा. दूसरे ODI में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव काफी महंगे साबित हुए.
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरेल मिचेल और विल यंग ने कुलदीप यादव पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और उनके 10 ओवरों में 82 रन लूट लिए. बाकी टीमों के खिलाफ स्पिन के जादू से बल्लेबाजों को नचाने वाले कुलदीप इस मुकाबले में बिल्कुल बेअसर दिखे. इसके साथ ही उनके वनडे इंटरनेशनल करियर में दूसरी बार बड़ा दाग लगा.
न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं चलता कुलदीप का जादू
कुलदीप यादव के ODI करियर में तीसरी बार बड़ा दाग लगा है. दिलचस्प बात ये है कि दो बार सामने न्यूजीलैंड की टीम थी. जी हां, स्टार स्पिनर ने 119 मैचों के वनडे करियर में सिर्फ तीसरी बार 10 ओवर की स्पेल में 80 से ज्यादा रन लुटाए हैं. दो बार ये काम न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने किया है. राजकोट से पहले 2020 में हैमिल्टन में कीवी टीम ने कुलदीप को आड़े हाथों लेते हुए उनके खिलाफ 84 रन बनाए थे. ये स्टार स्पिनर के ODI करियर का सबसे महंगा स्पेल भी है. वहीं, 2021 में कुलदीप ने इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में भी बिना विकेट लिए 84 रन खर्च किए थे.
ODI करियर में कुलदीप का सबसे महंगा स्पेल
84/2 बनाम न्यूजीलैंड, हैमिल्टन, 2020
84/0 बनाम इंग्लैंड, पुणे, 2021
82/1 बनाम न्यूजीलैंड, राजकोट, 2026
78/1 बनाम दक्षिण अफ्रीका, रायपुर, 2025
न्यूजीलैंड की जीत में चमके डेरेल मिचेल
राजकोट वनडे में कुलदीप यादव का स्पेल खराब करने में सबसे बड़ा हाथ डेरेल मिचेल का था. वहीं, नंबर-3 पर उतरे विल यंग ने भी भारतीय स्पिनर को खूब धोया. दोनों ने मिलकर 152 गेंदों पर 162 रनों की शानदार पार्टनरशिप की. यंग 87 र बनाकर आउट हुए, लेकिन मिचेल ने भारत के खिलाफ ODI में चौथा शतक ठोका. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 117 गेंदों पर 131 रनों की नाबाद पारी खेली और न्यूजीलैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई.
ये भी पढ़ें: 14 साल में कोहली के ‘विराट’ रिकॉर्ड को चकनाचूर करेंगे वैभव सूर्यवंशी, 6 रन बनते ही क्रिकेट जगत में मचेगी सनसनी

