22 साल के साकेत श्रीनिवासैया जो कर्नाटक के रहने वाले हैं 9 फरवरी से लापता हो गए हैं. वह यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि उन्हें आखिरी बार कैंपस से करीब एक किलोमीटर दूर देखा गया था.

बैग मिला, तलाश तेज
साकेत का बैग एक घर के पास मिला जो टिल्डन रीजनल पार्क के करीब है. यह जगह भी यूनिवर्सिटी कैंपस के पास ही है. बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप मिला है. इसके बाद पूरे शहर में खोज अभियान शुरू किया गया. खास तौर पर लेक एंजा और बर्कले हिल्स इलाके में तलाश की जा रही है.

भारतीय दूतावास की प्रतिक्रिया
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस मामले पर चिंता जताई है. दूतावास ने कहा है कि वह साकेत के परिवार और वहां की स्थानीय एजेंसियों के लगातार संपर्क में है. मामले पर नजर रखे हुए है. साकेत आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र हैं. वह बर्कले में मास्टर डिग्री कर रहे थे. उनकी स्कूली पढ़ाई बेंगलुरु के श्री वाणी एजुकेशन सेंटर में हुई थी.

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें, उनकी लंबाई करीब 6 फीट 1 इंच है वजन लगभग 72-73 किलो है. उनके बाल छोटे और काले हैं और आंखों का रंग भूरा है. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक उन्होंने 5 अन्य लोगों के साथ मिलकर माइक्रोचैनल कूलिंग सिस्टम फॉर हाइपरलूप से जुड़ा एक पेटेंट भी हासिल किया है. प्रोफाइल पर उन्हें तेज दिमाग, विनम्र और भरोसेमंद बताया गया है. एक सिफारिश में कहा गया है कि मुश्किल हालात में उनका काम करने का तरीका काफी प्रभावशाली था. वह रिसर्च के जरिए नए समाधान ढूंढते थे.

लोगों का साथ
साकेत की तलाश में स्थानीय लोग भी आगे आए हैं. सोशल मीडिया पर रेडिट पर एक थ्रेड शुरू हुआ है, जिसमें लोग खोज अभियान की जानकारी साझा कर रहे हैं. किसी ने लिखा कि लेक एंजा में नावों के साथ एक बड़ी टीम तलाश कर रही है. वहीं एक और व्यक्ति ने अपने कुत्तों के साथ सुबह खोज में शामिल होने की बात कही है.

विदेश में छात्रों की सुरक्षा पर सवाल
लोकसभा में सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने विदेशों में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया था. इसके जवाब में विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय मिशन और दूतावास अपने क्षेत्र में पढ़ रहे भारतीय छात्रों से नियमित संपर्क रखते हैं. 

साथ ही मंत्रालय ने आगे कहा कि विदेश पहुंचने पर छात्रों को पहले से जानकारी दी जाती है. उन्हें वहां की संभावित चुनौतियों और सावधानियों के बारे में बताया जाता है. समय-समय पर एडवाइजरी भी जारी की जाती है ताकि छात्र सुरक्षित रह सकें.

यह भी पढ़ें: DNA: अवैध प्रवासियों की अब खैर नहीं, मेलोनी ने अपनाया ‘योगी मॉडल’; नेवी को मिली ये बड़ी ताकत