
CIA Reveals Ukrainian Attack on Putin House: क्या यूक्रेन ने वाकई रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर असफल मिसाइल हमला करवाया था या फिर रूस ने ही कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन किया था. जिससे यूक्रेन को कटघरे में खड़ा कर उस पर नए हमलों का बहाना ढूंढा जा सके. अब तक इस मामले में चुप रहे अमेरिका ने अब इस मसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. अमेरिकी मीडिया ने जानकारी दी है कि सीआईए को इस हमले के कोई निशान नहीं मिले हैं.
रूस ही शांति के रास्ते में खड़ा है – न्यूयार्क पोस्ट
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि अमेरिकन मीडिया ने इस बारे में जानकारी दी. इसके मुताबिक,सीआईए का अनुमान है कि यूक्रेन ने हाल ही में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के घर को टारगेट नहीं किया था. अमेरिकी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से कहा कि सीआईए चीफ ने बाद में राष्ट्रपति ट्रंप को बताया कि एजेंसी को नहीं लगता कि यह सच है.
इसके बाद बुधवार को ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर न्यूयॉर्क पोस्ट के एडिटोरियल का लिंक पोस्ट किया. उस लिंक की हेडलाइन थी, ‘पुतिन का हमला दिखाता है कि रूस ही शांति के रास्ते में खड़ा है.’ पोस्ट में कहा गया है कि यह अच्छी बात है कि पुतिन मानते हैं कि उनके आसपास कोई भी हिंसा खास गुस्से की हकदार है और पुतिन पर कोई भी हमला जायज से कहीं ज्यादा है.
क्या पुतिन के आवास पर वाकई हुआ था हमला?
बोर्ड ने लिखा, ‘लेकिन दिक्कत यह है कि ड्रोन हमला शायद कभी हुआ ही नहीं. जेलेंस्की ने इससे साफ इनकार किया है. वही क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि रूसी कोई सबूत नहीं दे सकते. जेलेंस्की ने मीडिया से कहा कि वह बेशक क्रेमलिन (रूस) की बात मान लें, लेकिन हम नहीं मानेंगे.’
रूसी नेता ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन पर इसकी जानकारी दी थी. रूस ने आरोप लगाया था कि यूक्रेन ने सोमवार को पुतिन के घर पर हमला करने की कोशिश की थी. इसके बाद सीआईए के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ ने बुधवार को ट्रंप को इस अंदाजे के बारे में बताया.
ट्रंप ने कथित एक्शन पर जताया था गुस्सा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि वे इस कथित कार्रवाई से परेशान हैं. हालांकि, यूक्रेन ने इस तरह के किसी भी हमले से साफ इनकार किया था. ट्रंप ने कहा, ‘मुझे यह पसंद नहीं है. यह अच्छा नहीं है.’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस पर बेहद नाराजगी जताई थी. उन्होंने माना कि यह हो सकता है कि आरोप झूठा हो और ऐसा कोई हमला न हुआ हो. अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, लेकिन, ‘राष्ट्रपति पुतिन ने आज सुबह मुझे बताया कि ऐसा हुआ था.’
क्यों होते हैं ‘फाल्स फ्लैग ऑपरेशन’?
डिफेंस एक्सपर्टों के मुताबिक, विशेषज्ञों का मानना है कि युद्धकाल में ‘फाल्स फ्लैग ऑपरेशन’ का इस्तेमाल अक्सर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के लिए किया जाता है. अगर किसी हमले का दोष दुश्मन पर मढ़ दिया जाए तो उसके खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई करने, जनता की सहानुभूति बटोरने और कूटनीतिक दबाव बनाने में मदद मिलती है. इसी वजह से पुतिन के आवास पर कथित हमले को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है कि कहीं इसे यूक्रेन के खिलाफ नए हमलों का बहाना बनाने के लिए रूस ने खुद ही तो अंजाम नहीं दिया. सीआईए को इस हमले के कोई ठोस सबूत न मिलने से इन आशंकाओं को और बल मिला है.
(एजेंसी आईएएनएस)
