News in Brief

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान पाकिस्तान से बेहद सतर्क रहने की जरूरत होगी, क्योंकि यह टीम अपना दिन होने पर किसी भी विरोधी को हराने का दम रखती है. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और उसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक 9 एडिशन हो चुके हैं, जिसमें पाकिस्तान एक बार ट्रॉफी जीतने में सफल रहा है. पाकिस्तान ने साल 2009 में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया था.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बेहद खतरनाक होगा पाकिस्तान

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान सबसे खतरनाक टीमों में शुमार रही है और इस बार भी वह सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चार टीमों में से एक हो सकती है. पाकिस्तान ने साल 2009 में लॉर्ड्स के मैदान पर फाइनल में श्रीलंका को हराकर यूनिस खान की कप्तानी में अपना पहला और इकलौता T20 वर्ल्ड कप टाइटल जीता था. पाकिस्तान ने 2007 और 2022 टी20 वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय किया था, इन दोनों मौकों पर उसे क्रमश: भारत और इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी सलमान अली आगा करेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

पाकिस्तान की ताकत

पाकिस्तान के पास साहिबजादा फरहान और फखर जमान जैसे विस्फोटक ओपनर मौजूद हैं, जो पावरप्ले में ताबड़तोड़ बैटिंग करने के लिए जाने जाते हैं. साहिबजादा फरहान और फखर जमान अगर फ्लॉप रहेंगे तो नंबर-3 पर बाबर आजम और नंबर-4 पर कप्तान सलमान आगा पाकिस्तानी बैटिंग लाइनअप को मजबूती देंगे. पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत उनकी बैटिंग लाइनअप में पावर-हिटर्स की भरमार है. मिडिल ऑर्डर और लोअर ऑर्डर में इसके अलावा सैम अयूब, मोहम्मद नवाज और फहीम अशरफ जैसे बल्लेबाज भी शामिल होंगे. इसके अलावा पाकिस्तान के पास बॉलिंग डिपार्टमेंट में लेग स्पिनर अबरार अहमद, तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, उस्मान खान और उस्मान तारिक भी मौजूद हैं. शाहीन अफरीदी को स्विंग मिलती है और नसीम हार्ड लेंथ पर बॉलिंग करते हैं. पाकिस्तान के ये दो तेज गेंदबाज पावरप्ले में ही मैच का रुख पलट सकते हैं. अबरार अहमद और उस्मान तारिक पाकिस्तान को बीच के ओवरों में विकेट निकालकर दे सकते हैं.

पाकिस्तान की कमजोरी

हारिस रऊफ के बिना पाकिस्तान की डेथ बॉलिंग ज्यादा डिपेंडेंट हो जाती है. शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह को दबाव में अपने प्लान को सही तरीके से लागू करना होगा. तीसरे सीमर के ओवर खराब नहीं होने चाहिए, खासकर उन टीमों के खिलाफ जो आखिरी पांच ओवरों को तबाही मचाने के लिए जानी जाती हैं. अगर अबरार अहमद बीच के ओवरों में विकेट लेने में कामयाब होते हैं, तो पाकिस्तान की टीम विपक्षी टीम पर हावी हो सकती है. उस्मान खान, साहिबजादा फरहान और ख्वाजा मोहम्मद नफे ऑप्शन देते हैं, लेकिन ओवरलैप से अनिश्चितता पैदा हो सकती है. पाकिस्तान को एक स्पेशलिस्ट विकेटकीपर चुनना होगा और दूसरों के बैटिंग रोल को तय करना होगा. अगर गेंद गीली हो जाती है, तो बीच के ओवरों में दबाव बनाना मुश्किल हो सकता है. पाकिस्तान को फील्डिंग में बहुत कम गलतियां करनी होंगी.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान कब-कब खेलेगा अपने मैच?

पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के ग्रुप-A में शामिल है. पाकिस्तानी टीम 7 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला ही मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान में खेलेगी. इसके बाद पाकिस्तान को USA के खिलाफ 10 फरवरी को इसी मैदान पर अपना दूसरा मैच खेलना है. 15 फरवरी को पाकिस्तान का सामना चिर प्रतिद्वंदी भारत से कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. 18 फरवरी को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर पाकिस्तान की टीम नामीबिया के खिलाफ मैच खेलेगी.

टी20 वर्ल्डकप 2026 में पाकिस्तान का शेड्यूल (ग्रुप स्टेज)

पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स – पहला मैच – 7 फरवरी (कोलंबो)

पाकिस्तान बनाम USA – दूसरा मैच – 10 फरवरी (कोलंबो)

पाकिस्तान बनाम भारत – तीसरा मैच – 15 फरवरी (कोलंबो)

पाकिस्तान बनाम नामीबिया – चौथा मैच – 18 फरवरी (कोलंबो)

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान की टीम

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.