News in Brief

हरारे: हाल ही में जिम्बाब्वे के बल्लेबाज रेयान बर्ल (Ryan Burl) ने अपने ही देश के क्रिकेट बोर्ड के खस्ताहाल की ओर ध्यान खींचते हुए फटे हुए जूतों की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी. रेयान बर्ल (Ryan Burl) ने अपने ट्वीट के जरिए जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम (Zimbabwe Cricket Team) के लिए स्पॉन्सरशिप की मांग की थी. 

खतरे में पड़ सकता है रेयान बर्ल का करियर

रेयान बर्ल (Ryan Burl) के इस ट्वीट की वजह से जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड बेहद नाराज है. जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड रेयान बर्ल के पर बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है. जिम्बाब्वे बोर्ड उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है. इस वजह से रेयान बर्ल के इंटरनेशनल करियर पर भी असर पड़ सकता है.

बर्ल के ट्वीट से जिम्बाब्वे बोर्ड बेहद नाराज

जिम्बाब्वे के पत्रकार एडम थियो ने ट्वीट कर बताया कि जिम्बाब्वे क्रिकेट में कुछ लोग रेयान बर्ल (Ryan Burl) के इस ट्वीट से नाराज हैं. उन्होंने लिखा, ‘मुझे बताया है कि जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड में कुछ लोग ऐसे हैं जो रेयान से नाराज हैं. उनको लगता है इससे बोर्ड की छवि खराब हुई है.’

एडम थियो ने लिखा, ‘ये सदस्य रेयान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. ये जिम्बाब्वे क्रिकेट की तरफ से बहुत ही कड़ा कदम होगा. उनके खिलाफ बंद दरवाजे के पीछे से कार्रवाई हो सकती है. शायद उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाए. उम्मीद करता हूं मैं गलत साबित हो जाऊं.’

क्या था पूरा मामला?

रेयान बर्ल ने फटे हुए जूतों की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम (Zimbabwe Cricket Team) के लिए स्पॉन्सरशिप की मांग की थी. बर्ल की यह अपील काम कर गई. जूते बनाने वाली टॉप कंपनियों में शामिल प्यूमा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रायोजन का वादा किया. जब कुछ क्रिकेट बोर्ड प्रायोजन से ही करोड़ों डॉलर कमा रहे हैं तब बर्ल ने ट्वीट करके पूछा, ‘क्या कोई संभावना है कि हमें कोई प्रायोजक मिले जिससे कि हमें प्रत्येक सीरीज के बाद अपने जूते चिपकाने नहीं पड़ें.’

प्यूमा ने दिया भरोसा 

बर्ल के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्यूमा क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ‘गोंद को फेंकने का समय आ गया है, हम आपको सहायता देंगे.’ बाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज 27 साल के बर्ल ने जिम्बाब्वे की ओर से तीन टेस्ट, 18 वनडे और 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. उन्होंने अपने जूतों की तस्वीर, गोंद और इसे ठीक करने के लिए कुछ सामान की तस्वीर ट्वीट की है.

उतार-चढ़ाव से गुजरा रहा जिम्बाब्वे क्रिकेट 

देश फ्लावर बंधुओं एंडी और ग्रांट, एलिस्टेयर कैंपबेल, डेव हॉटन, हीथ स्ट्रीक और नील जॉनसन जैसे खिलाड़ी तैयार करने में विफल रहा है. इन खिलाड़ियों ने जिंबाब्वे का प्रतिनिधित्व करते हुए काफी सफलता हासिल की. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने सरकारी हस्तक्षेप के कारण 2019 में देश के क्रिकेट बोर्ड को निलंबित कर दिया और पिछले साल टीम को टी20 विश्व कप क्वालीफायर में हिस्सा लेने से भी रोक दिया. बाद में हालांकि जिम्बाब्वे को बहाल कर दिया गया. हाल में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे में दो टेस्ट की सीरीज में क्लीनस्वीप करने के अलावा टी20 सीरीज 2-1 से जीती.