Trump Apache helicopter claim India: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने बयान से विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने दावा किया कि भारत ने अमेरिका से 68 अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर खरीदे थे और डिलीवरी में देरी से परेशान होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात की गुहार लगाई थी. ट्रंप ने यह भी कहा कि पीएम मोदी ने उनसे सर कहकर मिलने का समय मांगा था. लेकिन सरकारी दस्तावेजों, रक्षा सौदों और डिलीवरी रिकॉर्ड की जांच करने पर यह दावा हकीकत से मेल नहीं खाता है. भारत ने कुल मिलाकर 68 नहीं, बल्कि सिर्फ 28 अपाचे हेलिकॉप्टर ही खरीदे हैं, और दिसंबर 2025 तक सभी की डिलीवरी पूरी हो चुकी है.

दो अलग-अलग सौदों में खरीदे थे हेलिकॉप्टर
टाइम्स ऑफ इंडिया की रोपोर्ट के मुताबिक, भारत ने अपाचे हेलिकॉप्टर दो अलग-अलग सौदों में खरीदे थे, न कि एक बड़े ऑर्डर में, पहला सौदा सितंबर 2015 में हुआ था, जब भारत ने एयरफोर्स के लिए 22 अपाचे हेलिकॉप्टर करीब 2.2 अरब डॉलर में खरीदे थे. इन हेलिकॉप्टरों की डिलीवरी तय समय पर हुई और 2020 तक सभी वायुसेना को मिल गए थे. ये हेलिकॉप्टर दो फ्रंटलाइन स्क्वाड्रन में शामिल किए गए और भारत की अटैक हेलिकॉप्टर की ताकत बढ़ाने का किया. यह डिलीवरी ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान पूरी हो गई थी, लेकिन इसमें किसी बड़े विवाद की स्थिति नहीं बनी थी.

दूसरा सौदा फरवरी 2020 में हुआ, जब डोनाल्ड ट्रंप भारत दौरे पर आए थे. इस समझौते में भारतीय सेना के लिए 6 अपाचे हेलिकॉप्टर खरीदे गए थे. जिनकी कीमत 600 से 800 मिलियन डॉलर के बीच थी. इसी सौदे में सबसे ज्यादा देरी हुई थी. इन हेलिकॉप्टरों की डिलीवरी 2024 में शुरू होनी थी, लेकिन पहली खेप जुलाई 2025 में भारत पहुंची थी. बाकी तीन हेलिकॉप्टर दिसंबर 2025 में मिले थे. इस तरह यह सौदा करीब दो साल की देरी से पूरा हुआ था. प्रधानमंत्री मोदी ने फरवरी 2025 में व्हाइट हाउस यात्रा के दौरान इस देरी का मुद्दा उठाया था.

Add Zee News as a Preferred Source

अमेरिका के सप्लाई चेन में थी दिक्कत
डिलीवरी में देरी के पीछे कई वजहें थी. कोरोना के बाद अमेरिका में सप्लाई चेन की दिक्कतें आई हैं, जिससे इंजन, गियरबॉक्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कमी हुई थी. इसके अलावा अमेरिका की रक्षा प्राथमिकता सूची में भारत को उस समय ऊंचा स्थान नहीं मिला थी, जिससे दूसरे ग्राहकों को पहले सामान मिल गया थी. कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण बोइंग को अपाचे हेलिकॉप्टरों की डिलीवरी अस्थायी रूप से रोकनी भी पड़ी थी. आखिरी खेप के समय एक और अजीब समस्या आई, जब तुर्की ने हेलिकॉप्टर ले जा रहे विमान को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं दी, जिससे और देरी हुई थी.

इन परेशानियों के बावजूद ट्रंप का 68 हेलिकॉप्टरों वाला दावा गलत साबित होता है. कुछ जानकारों का मानना है कि ट्रंप ने अपाचे और चिनूक हेलिकॉप्टर सौदों को आपस में मिला दिया होगा, क्योंकि भारत ने 15 चिनूक हेलिकॉप्टर भी खरीदे थे. लेकिन दोनों को जोड़ने पर भी संख्या 43 ही बनती है. अब भारत अमेरिकी हथियारों पर निर्भरता कम करने की दिशा में बढ़ रहा है. मेक इन इंडिया नीति के तहत भारत अपने स्वदेशी प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर पर ज्यादा भरोसा कर रहा है, जो ऊंचाई वाले इलाकों में अपाचे से बेहतर काम करता है. भारत ने 156 प्रचंड हेलिकॉप्टर शामिल करने की योजना बनाई है. ट्रंप का बयान भले बढ़ा-चढ़ाकर दिया गया हो, लेकिन इसने यह साफ कर दिया कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की राह पर आगे बढ़ चुका है.

यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’