News in Brief

IND vs NZ T20I: एकदिवसीय सीरीज में करारी शिकस्त के बाद अब टीम इंडिया न्यूजीलैंड से क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भिड़ने के लिए तैयार है. दोनों देशों के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज का आगाज बुधवार, 21 जनवरी को नागपुर में होगा. वैसे तो इस शृंखला में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले नट-बोल्ट टाइट करना चाहेगी, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर ब्लैक कैप्स से बदला लेने के लिए भी बेताब होंगे.

न्यूजीलैंड की टीम ने गौतम गंभीर पर पिछले 15 महीने में दो बड़े दाग लगाए हैं. अक्टूबर 2024 में न्यूजीलैंड ने टेस्ट सीरीज में भारत को उनके घरेलू मैदान पर हराया और अब पहली बार भारत में ODI सीरीज जीतने में कामयाब रही. टीम इंडिया को ये दोनों जख्म गौतम गंभीर की कोचिंग कार्यकाल के दौरान मिले हैं.

न्यूजीलैंड से बदला लेना चाहेंगे गंभीर

Add Zee News as a Preferred Source

तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में न्यूजीलैंड ने 2-1 से बाजी मारी. गौतम गंभीर अब हिसाब बराबर करने को बेताब होंगे. टी20 वर्ल्ड कप के लिए तैयार होने का ये आखिरी मौका भी होगा. इस शृंखला में गंभीर 3 खिलाड़ियों पर दांव लगाएंगे, जो कीवी के खिलाफ अपने खेल से तबाही मचा सकते हैं.

शुरुआत में धमाका करेंगे अभिषेक शर्मा

न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा हेड कोच गौतम गंभीर के सबसे बड़े योद्धा साबित हो सकते हैं. पिछले दो सालों से अभिषेक जिस अंदाज से खेल रहे हैं, उससे दुनियाभर के गेंदबाजों में उनके नाम का खौफ फैल गया है. बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज इस शृंखला में भी रनों की बरसात कर टी20 वर्ल्ड कप में एंट्री लेना चाहेंगे. अभिषेक शर्मा ने अब तक भारत के लिए 33 T20I मुकाबले खेले हैं और 188.02 की खतरनाक स्ट्राइक रेट से 1115 रन बनाए हैं.

गेंदबाजी में बुमराह पर भरोसा

स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी टी20 वर्ल्ड कप से पहले धमाल मचाने को बेकरार हैं. उनके खिलाफ कीवी बल्लेबाजों का असली टेस्ट होने वाला है. अगर भारत को टी20 विश्व कप जीतना है तो बुमराह उनके लिए सबसे अहम खिलाड़ी होंगे. दाएं हाथ के प्रीमियम पेसर ने अब तक 83 T20I मुकाबले खेले हैं और 103 बल्लेबाजों का शिकार किया है.

हार्दिक पांड्या पर भी रहेगी नजर

अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह की तरह हार्दिक पांड्या भी कोच गंभीर के लिए ‘तुरुप का इक्का’ का इक्का साबित हो सकते हैं. जब वो टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होते हैं तो टीम का बैलेंस काफी मजबूत होता है. हार्दिक टी20 में 4 ओवर डालने और विकेट चटकाने की काबिलियत भी रखते हैं और साथ ही बल्ले से किसी भी गेंदबाज को बर्बाद करने का दम भी रखते हैं. स्टार ऑलराउंडर ने अब तक 124 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं और 2002 रन बनाए हैं. साथ ही हार्दिक के नाम 101 विकेट हैं. वो दुनिया के एकलौते फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं, जिन्होंने T20I में 2000 से अधिक रन और 100+ विकेट चटकाए हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन टी20I), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई

ये भी पढ़ें: ‘गंभीर हाय-हाय…’, आंखों के सामने कोच की हूटिंग कर रहे थे लोग, विराट कोहली को आया गुस्सा और फिर… VIDEO वायरल