बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को हुए चुनाव ने इतिहास रच दिया है. 2024 के छात्र आंदोलन के बाद पहली बार हुए इस वोट में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने कमाल दिखाया है. अनौपचारिक नतीजों और टीवी चैनलों के मुताबिक BNP और उसके गठबंधन ने 209 से 212 सीटें जीतीं है जो 300 सदस्यीय संसद में दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत है. जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को करीब 70 सीटें मिलीं हैं. तारिक रहमान ने दोनों सीटों (बोगुरा-6 और ढाका-17) से जीत दर्ज की और अब अगले प्रधानमंत्री बनने की पूरी संभावना है. ऐसे ऐतिहासिक माहौल में जहां जीत पर आमतौर पर राजनीतिक दल ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर उतरते हैं, वहीं Bangladesh Nationalist Party ने बिल्कुल अलग राह चुनी है. न कोई विजय जुलूस, न पटाखे, न मंच से भाषण. अब सबके मन में सवाल उठ रहा है कि इतनी बड़ी जीत के बाद भी आखिर BNP खामोश क्यों है? समझते हैं पूरी बात.

तारिक रहमान का निर्देश, मत मनाइए जश्न
पार्टी के कार्यवाहक प्रमुख Tarique Rahman ने साफ कहा है कि जीत के बाद कोई रैली या शक्ति प्रदर्शन नहीं होगा. इसके बजाय शुक्रवार की नमाज के बाद देशभर में विशेष दुआ सभाएं आयोजित की जाएंगी. इन सभाओं में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री Khaleda Zia की आत्मा की शांति और देश की स्थिरता के लिए प्रार्थना की जाएगी.

जश्न की जगह प्रार्थना क्यों?
राजनीतिक जानकार इस फैसले के पीछे कई वजहें बता रहे हैं:

Add Zee News as a Preferred Source

माहौल शांत रखने की कोशिश:-चुनाव के बाद अक्सर राजनीतिक तनाव बढ़ जाता है. BNP शायद किसी भी तरह के टकराव या विवाद से बचना चाहती है.

भावनात्मक कारण:- खालिदा जिया के निधन के बाद पार्टी भावनात्मक दौर से गुजर रही है. ऐसे में जीत को उत्सव की बजाय श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है.

जिम्मेदार छवि बनाना:-पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि वह सत्ता के साथ जिम्मेदारी को प्राथमिकता देगी, न कि शक्ति प्रदर्शन को.

सभी धर्मों को दिया संदेश
BNP ने अन्य धर्मों के लोगों से भी अपने-अपने पूजा स्थलों, मंदिर, चर्च और पगोडा में देश की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करने की अपील की है. इस कदम को सामाजिक सौहार्द और समावेशी राजनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि अंतिम तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी.  लेकिन 200 पार करने के बाद भी BNP का खामोश रहना सिर्फ एक औपचारिक फैसला नहीं, बल्कि एक राजनीतिक संदेश है. पार्टी शायद यह दिखाना चाहती है कि नई सरकार की शुरुआत उत्सव से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और संयम से होगी. अब देखना होगा कि यह रणनीति आने वाले दिनों में बांग्लादेश की राजनीति को किस दिशा में ले जाती है.