बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को होने वाले संसदीय चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक हिंसा ने फिर से सिर उठा लिया है. बोगुरा जिले के नंदीग्राम उपजिला में सोमवार रात (9 फरवरी) को जो कुछ हुआ, वो दिल दहला देने वाला है। BNP और जमात-ए-इस्लामी के बीच हुई झड़प में एक परिवार पूरी तरह तबाह हो गया. रात करीब 7:30 बजे पार्शुन गांव में जमात के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार कर रहे थे. इसी दौरान BNP समर्थकों ने उन्हें रोक लिया और माहौल देखते ही देखते तनावपूर्ण हो गया.

वोट खरीदने का आरोप बना विवाद की जड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, BNP कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जमात समर्थक मतदाताओं को पैसे बांटकर वोट खरीदने की कोशिश कर रहे थे. इसी आरोप पर कहासुनी बढ़ी और कुछ जमात कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर रोककर स्थानीय BNP नेता मसूद राणा के घर ले जाया गया.

घर पर हमला, हालात बेकाबू, नेता की निकाली आंख
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में जमात समर्थक मसूद राणा के घर पहुंच गए.अपने साथियों को छुड़ाने के लिए हमला किया गया. डेलीस्टार में छपी रिपोर्ट के अनुसार, चश्मदीदों के मुताबिक, थोड़ी देर बाद जमात के और कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और मसूद राणा के घर पर हमला बोल दिया. उनका मकसद था अपने साथियों को छुड़ाना.  इसी झड़प में दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले, और हालात बेकाबू हो गए. BNP की तरफ से बोगुरा-4 के उम्मीदवार मोशर्रफ हुसैन ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जमात-शिबिर के हमलावरों ने मसूद राणा पर इतना बेरहमी से वार किया कि उनकी आंख निकाल ली गई. उन्होंने दावा किया कि चार BNP कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

खबर सुनते ही मां की मौत
मसूद राणा फिलहाल बोगुरा शहीद जियाउर रहमान मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज करा रहे हैं.मोशर्रफ ने ये भी कहा कि जब मसूद की मां राबेया को बेटे की आंख जाने की खबर मिली, तो वो सदमे में बीमार पड़ गईं. थोड़ी देर बाद ही उनकी मौत हो गई. रात 9 बजे उनके पैतृक घर पर नमाज-ए-जनाजा पढ़ाया गया. BNP उम्मीदवार ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए इसकी कड़ी निंदा की.

अस्पताल से क्या अपडेट? आंख की नहीं आएगी रोशनी
हॉस्पिटल के डिप्टी डायरेक्टर मंजूर-ए-मुरशेद ने कन्फर्म किया कि मसूद राणा की आंख बुरी तरह जख्मी है, लेकिन उन्होंने ये नहीं बताया कि आंख निकाली गई या नहीं. नाम न बताने की शर्त पर हॉस्पिटल के आंख विभाग के एक डॉक्टर ने ‘द डेली स्टार’ को बताया, “मसूद राणा की दाहिनी आंख की हड्डी टूट गई है. आंख के ठीक होने की उम्मीद कम है. यहां से उन्हें ढाका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑप्थाल्मोलॉजी एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया है बेहतर इलाज के लिए.”

जमात का क्या कहना है?
दूसरी तरफ, जमात के बोगुरा-4 उम्मीदवार मोस्तफा फैसल ने अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस में वोट खरीदने के आरोपों को सिरे से खारिज किया. उन्होंने उल्टा BNP वालों पर बिना वजह हमला करने का इल्जाम लगाया. मोस्तफा ने कहा कि उनके दो कार्यकर्ता घायल हुए हैं. नंदीग्राम पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज मिजानुर रहमान ने हिंसा की खबर मिलने की बात कबूली, लेकिन डिटेल्स न होने का बहाना बनाया. मंगलवार रात 8 बजे तक कोई केस दर्ज नहीं हुआ था. ये घटना बांग्लादेश के चुनावी माहौल में बढ़ते तनाव को दिखाती है, जहां पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं. लोकल लोगों का कहना है कि ऐसी झड़पें आम हो गई हैं, लेकिन इस बार एक परिवार की ट्रेजडी जुड़ गई. BNP ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है, जबकि जमात इसे उकसावा कह रही है.