भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा की विध्वंसक बल्लेबाजी दुनिया भर में चर्चा का विषय बन चुकी है.उनके 14 गेंदों में पचासा ठोकने की तारीफ तो हर कोई कर रहा है. उन्होंने 340 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए कल कई सारे कीर्तिमान स्थापित कर लिए. अभिषेक ने 20 गेंदों में 68 रनों की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 हवाई फायर दागे. उन्होंने अपने इस पारी के दौरान एक अनोखा कीर्तिमान रच के सभी के होश उड़ा दिए. दरअसल, टी20 क्रिकेट में उन्होंने बिना एक भी डॉट बाल खेले 68 रनों की पारी खेलकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना लिया है. इस मामले में उन्होंने कई खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया. वह इस कदर बल्लेबाजी कर रहे थे कि लग रहा था आज युवराज के सबसे तेज पचासा जड़ने का रिकॉर्ड ध्वस्त हो जाएगा. हालांकि वह मात्र 2 गेंदों से ऐसा करने से चूक गए.
बना दिया विश्व रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके जड़े और 5 छक्के लगाने का काम किया. आपको बता दें उन्होंने अपनी पारी का 90 प्रतिशत रन तो केवल चौके और छक्के से बनाया. मतलब ये है कि 68 रनों की पारी में उन्होंने 58 रन केवल बाउंड्री से लगाने का काम किया है. बाकी के बचे रन उन्होंने भागकर पूरे किए हैं. खास बात ये है कि उन्होंने बिना 1 भी डॉट खाए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कनाडा के हर्ष ठाकरे को पीछे छोड़ दिया है. ठाकरे ने 18 गेंदों में 53 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 3 चौके और 5 छक्के लगाए थे.
मलिक और ठाकरे पीछे
अभिषेक शर्मा ने बिना डॉट गेंद खाए टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेल डाली. इससे पहले ये कारनामा हर्ष ठाकरे और पाकिस्तान के तूफानी बल्लेबाज शोएब मलिक के नाम पर था. पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने 20 गेंदों में 40 रन बनाने का काम किया था. उन्होंने 1 भी बॉल डॉट नहीं खेली थी. अभिषेक ने बेबाक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए क्रिकेट जगत में अनोखा कारनामा कर सभी को हैरत में डाल दिया है.
विश्व कप के पहले तूफान
अभिषेक शर्मा ने आने वाले टी20 विश्व कप से पहले दुनिया भर की टीमों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही सीरीज में अभी तक 3 मैचों में 152 रन ठोक दिए हैं और सीरीज में अभी 2 मैच और बचे हैं ऐसे में वह आगे आने वाले मैचों में क्या करेंगे ये देखने योग्य बात होगी. अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत उन्होंने विरोधियों में एक खौफ पैदा कर दिया है . ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि वह वर्ल्ड कप में क्या कमाल दिखाते हैं.
ये भी पढ़ें: भारत के लिए सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 50 ठोकने वाले दिग्गज, ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से कांप उठे गेंदबाज, महान खिलाड़ी है नंबर 1
