India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला आज यानी रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और कप्तान सूर्यकुमार यादव से अलग टीम इंडिया का एक खिलाड़ी ऐसा है, जो उसके लिए पाकिस्तान के खिलाफ मैच में ब्रह्मास्त्र साबित होगा. ये खिलाड़ी अकेले दम पर पाकिस्तान की टीम को तहस-नहस कर सकता है.
ये क्रिकेटर बनेगा भारत का तारणहार
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हार्दिक पांड्या भारत के सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं. हार्दिक पांड्या लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने का टैलेंट रखते हैं. साथ ही वह नंबर-6 के विस्फोटक बल्लेबाज भी हैं. हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के लिए मैच फिनिश का रोल निभाएंगे और गेंदबाजी के दौरान अहम मौकों पर विकेट भी निकालकर दे सकते हैं. फील्डिंग में भी हार्दिक पांड्या तेज तर्रार रन आउट करने और मुश्किल कैच पकड़ने में माहिर हैं.
हार्दिक पांड्या की काबिलियत
हार्दिक पांड्या इस काबिलियत की वजह से एक बहुत खतरनाक ऑलराउंडर बन जाते हैं. जब-जब टीम इंडिया को तेज रनों की दरकार होती है, तो उस दौरान उसके पास हार्दिक पांड्या मौजूद है. वह गेंदबाजों के खिलाफ मैदान के हर कोने में रन बनाने की क्षमता रखते हैं. हार्दिक पांड्या ने अभी तक भारत के लिए 131 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 28.37 की औसत से 2128 रन बनाए हैं, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल हैं. हार्दिक पांड्या ने इसके अलावा गेंद से कमाल करते हुए 107 विकेट झटके हैं.
हार्दिक पांड्या बड़े मैच के खिलाड़ी
हार्दिक पांड्या भारत को दो ICC ट्रॉफी जिताने में बड़ा रोल निभा चुके हैं. हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान 6 पारियों में 144 रन बनाए थे. वहीं, बतौर तेज गेंदबाज हार्दिक पांड्या ने 11 विकेट लेकर भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जिताने में बड़ा रोल निभाया था. ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में हार्दिक पांड्या ने 4 पारियों में 99 रन बनाए थे. वहीं, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 4 विकेट झटके थे. भारत ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी जीता था, जिसमें हार्दिक पांड्या का बड़ा रोल रहा है.
