Abdul Qadir Son: पाकिस्तान के पूर्व महान स्पिनर अब्दुल कादिर के बेटे पर संगीन आरोप लगा है. एक घरेलू नौकरानी ने सुलेमान कादिर पर अपने फार्महाउस में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. नौकरानी द्वारा FIR दर्ज कराने के बाद पुलिस ने अब्दुल कादिर के चार बेटों में से एक सुलेमान को हिरासत में ले लिया है.
नौकरानी ने अपनी FIR में आरोप लगाया है कि वह सुलेमान के घर में काम करती थी और उसने उसे जबरन अपने फार्महाउस ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया है, जिसके बाद यह पुष्टि हो सकेगी कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था या नहीं.
अब्दुल कादिर के बेटे पर दुष्कर्म का आरोप
पाकऑब्जर्वर डॉट नेट की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानून के तहत आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. FIR में लिखा है कि, ”यह निवेदन किया जाता है कि मैं घरेलू सहायिका/नौकरानी के रूप में काम करती हूं. मैं सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक काम करती हूं. 22.01.2026 को घर के मालिक, अब्दुल कादिर के पुत्र सलमान कादिर ने मुझे बुलाया और कहा, ‘कल सुबह फार्महाउस आ जाना, मुझे तुम्हें सफाई करवाने के लिए साथ ले जाना है.’ 23.01.2026 को सुबह 10:00 बजे, मैं ग्रीन सिटी के गेट के सामने उतर गई, जहां सलमान कादिर ने मुझे अपनी कार में बिठाया और अब्दुल कादिर क्रिकेट अकादमी, नेवास बरकी के पास स्थित अपने फार्म हाउस नंबर 2 पर ले गया. वहां पहुंचते ही उसने मेरे साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. उसने जबरदस्ती मेरे कपड़े उतार दिए और मेरे साथ यौन उत्पीड़न (ज़ियादती) किया. आरोपी ने मेरे साथ जबरदस्ती बलात्कार (ज़िना-बिल-जबर) किया, जो एक घोर अन्याय है. इस अपराध के लिए उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.”
41 वर्षीय सुलेमान ने 2005 से 2013 के बीच 26 फर्स्ट क्लास क्रिकेट और 40 लिस्ट ए मैच खेले हैं. बता दें कि उनके पिता अब्दुल कादिर पूर्व स्टार क्रिकेटर थे, जिन्होंने पाकिस्तान के लिए 67 टेस्ट और 104 वनडे खेले थे और 1980 के दशक में लेग-स्पिन गेंदबाजी को पुनर्जीवित करने का श्रेय उन्हें ही जाता है.
ये भी पढ़ें: T20 WC 2026: दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में होगा Final, यहां ऐसे मिलती है जीत
