IND vs NZ 1st ODI: कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, क्योंकि क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है. टीम इंडिया के दो धुरंधर विराट कोहली और रोहित शर्मा एक बार फिर धमाका करने को तैयार हैं. रविवार, 11 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला एकदिवसीय मुकाबला खेला जाएगा. करोड़ों दिलों के धड़कन विराट कोहली के लिए ये मुकाबला खास हो सकता है. अगर ‘किंग’ एक शतक जड़ देते हैं तो वो एक साथ 4 बल्लेबाजों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे.
वैसे भी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला ये मैच विराट कोहली के लिए स्पेशल है. ऐसा इसलिए, क्योंकि 11 जनवरी को उनकी बेटी वामिका का जन्मदिन है (Virat Kohli Daughter Birthday). कोहली अपनी बेटी के 5वें बर्थडे पर ढेर सारे रन और सेंचुरी जड़कर उन्हें तोहफा देना चाहेंगे. अगर वडोदरा में होने वाले पहले ODI में विराट कोहली सौ का आंकड़ा छू लेते हैं तो वो कई बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर लेंगे.
कोहली के निशाने पर सचिन का बड़ा रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला एकदिवसीय मैच वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पारियों में 151 के बेहतरीन औसत से 302 रन बनाए थे. विजय हजारे ट्रॉफी में भी उनकी वापसी यादगार रही. अब पूर्व भारतीय कप्तान साल 2026 के पहले मैच में भी जबरदस्त शुरुआत करने को बेताब होंगे.
कैलिस-रूट को भी पीछे छोड़ेंगे विराट कोहली?
न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैचों में विराट कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा है. ये वही टीम है जिसके खिलाफ 2023 में कोहली ने ODI करियर का 51वां शतक जड़कर सचिन तेंदुलकर के महारिकॉर्ड को तोड़ा था. अब एक बार फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ ही कोहली के पास अपने आइडल सचिन के एक और बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है.
दरअसल, सचिन तेंदुलकर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज हैं, जिनके नाम 1750 रन हैं. इसलिए, अगर विराट कोहली आगामी तीन मैचों की सीरीज में 94 रन बनाते हैं, तो वो तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के सर्वोच्च रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे.
सहवाग को भी पछाड़ेंगे कोहली?
वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे अधिक शतकों का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है. स्टार बल्लेबाज ने अब तक 6 शतक जड़े हैं. अगर वोआगामी सीरीज में एक और शतक लगा लेते हैं, तो विराट कोहली वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए सबसे अधिक शतक बनाने के मामले में वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ देंगे.
बता दें कि सचिन तेंदुलकर, जैक्स कैलिस और जो रूट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 अंतरराष्ट्रीय शतक ठोके हैं. दिलचस्प बात यह है कि विराट कोहली के नाम भी नौ शतक हैं, और अगर वह तीन मैचों की वनडे सीरीज में सेंचुरी जड़ते हैं, तो मॉडर्न मास्टर न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में इन तीनों क्रिकेटरों को पीछे छोड़ देंगे.
ये भी पढ़ें: 16 चौके-छक्के, 192 का स्ट्राइक रेट… ‘रनबाज’ वैभव सूर्यवंशी ने फिर मचाया कोहराम, बना डाले इतने रन
