Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने किसी न किसी फैसले को लेकर पिछले कई महीनों से सुर्खियों में बने हुए हैं. इस बीच ट्रंप ने कुछ ऐसा किया है, जो हैरान करने वाला है. दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गत दिनों तेल और गैस अधिकारियों के साथ एक मीटिंग की. इस दौरान उन्होंने सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो को कैमरे के सामने एक कठिन परिस्थिति में डाल दिया. हुआ यूं कि रुबियो ने ट्रंप को एक सीक्रेट नोट दिया था, जिसको अमेरिकी राष्ट्रपति ने सभी के सामने जोर-जोर से पढ़ डाला.
सीक्रेट नोट को लेकर चर्चा में हैं मार्को रुबियो
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले साल अक्टूबर में पॉलिटिकल डिप्लोमेसी में अपनी एक्टिव भूमिका के लिए सुर्खियों में थे. इसके बाद अब वह अपने सीक्रेट नोट को लेकर फिर से सुर्खियों में हैं. व्हाइट हाउस में हो रही इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उन्होंने ट्रंप को हाथ से लिखा एक नोट दिया. ज्ञात हो कि ये नोट उस वक्त दिया गया, जब ट्रंप कोनोकोफिलिप्स के CEO रयान लांस से बात कर रहे थे.
जब सीक्रेट नोट को ट्रंप ने जोर-जोर से पढ़ा
इस बैठक में मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच में ट्रंप बैठे हुए थे. इसी दौरान रुबियो ने ट्रंप के हाथ में नोट दिया. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मार्को ने अभी मुझे एक नोट दिया है. इसके बाद उस नोट को ट्रंप ने पढ़ना शुरू कर दिया. मार्को ने इस नोट में लिखा था कि शेवरॉन वापस जाओ. वे कुछ बात करना चाहते हैं. शेवरॉन वापस जाओ. जैसे ही ट्रंप ने ये नोट पढ़ा, वहां पर मौजूद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मुस्कुराने लगे. हालांकि, इस दौरान रुबियो थोड़े असहज लग रहे थे. इस नोट को पढ़ने के बाद ट्रंप ने रुबियो की पीठ भी थपथपाई और थैंक्यू भी कहा.
इससे पहले भी चर्चा में रहे हैं रुबियो
गौरतलब है कि अक्टूबर की शुरुआत में भी रुबियो चर्चा में आए थे. उस दौरान उन्होंने गाजा संघर्ष में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम का संकेत दिया था. एक समाचार एजेंसी के फोटोग्राफर द्वारा ली गई एक तस्वीर में कैद उनके संदेश में यह संकेत मिला था कि ट्रंप आने वाले कुछ दिनों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से युद्धविराम की घोषणा कर सकते हैं. उस दौरान सामने आए नोट की फोटो में लिखा था कि मुझे विदेश मंत्री की ओर से एक नोट मिला है जिसमें कहा गया है कि हम मध्य पूर्व पर एक समझौते के बहुत करीब हैं और उन्हें मेरी बहुत जल्द आवश्यकता पड़ने वाली है.
यह भी पढ़े: मादुरो की तरह ट्रंप को उठा लो…! गरमाए ईरानी नेता ने ट्रंप को सुनाई खरी-खोटी; आखिर कौन हैं अजघादी?
यह भी पढ़ें: नोबेल समिति को होनी चाहिए शर्मिंदगी… माचाडो के प्राइज समर्पित करने वाले बयान पर बोले ट्रंप
