
Bangladesh Politics: बांग्लादेश में जमात ए इस्लामी के चीफ शफीकुर रहमान ने भारतीय डिप्लोमैट्स के साथ अपनी सीक्रेट मीटिंग की खबरों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि इन बातचीत में कुछ भी गोपनीय नहीं था. शफीकुर रहमान ने तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने के लिए कई मीडिया चैनल्स की आलोचना भी की. बता दें कि कई बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट्स ने ‘रॉयटर्स’ के एक खास इंटरव्यू का हवाला देते हुए साल 2025 के मध्य में कुछ सीक्रेट मीटिंग की खबरें पब्लिश की थीं.
भारतीय डिप्लोमैट्स के साथ बैठक
शफीकुर रहमान ने गुरुवार 1 जनवरी 2026 को अपने ‘फेसबुक’ पेज पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद घर लौटने पर उन्होंने पिछले साल 2025 के मध्य में 2 भारतीय डिप्लोमैट्स से मुलाकात की थी, हालांकि उस समय इन मुलाकातों का खुलासा नहीं किया गया था, लेकिन डिप्लोमैट्स के अनुरोध पर उन्होंने जोर देकर कहा कि इन्हें सीक्रेट नहीं बताया जाना चाहिए. उन्होंने बंगाली में लिखा,’ हमने उनसे कहा कि डिप्लोमैट्स के साथ बैठकें आमतौर पर सार्वजनिक की जाती हैं और हम भी इस मामले में ऐसा ही करना चाहते हैं. उन्होंने अनुरोध किया कि इसे सार्वजनिक न किया जाए. हम सहमत हो गए. इसमें कुछ भी गुप्त नहीं है.’
ये भी पढ़ें- ईरान में तख्तापलट की दस्तक, बगावत में उतरी जनता; प्रदर्शन को रोकने पहुंचे सुरक्षाबल की कर दी हत्या
भारत ने नहीं दिया बयान
भारत की ओर से इन गुप्त बैठकों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है और न ही पता चल पाया है कि ये डिप्लोमैट्स कौन थे. शफीकुर रहमान की ओर से यह प्रतिक्रिया ‘रॉयटर्स’ की उस रिपोर्ट के 1 दिन बाद आई है, जो उनके साथ हुए एक इंटरव्यू पर बेस्ड थी. इसमें भारतीय राजनयिकों के साथ हुई बैठकों का जिक्र था. इसमें कहा गया था कि जमात पूर्ण सहमति वाली सरकार में शामिल होने के लिए तैयार है. बता दें कि बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव होने वाले हैं, जो भारत समर्थक सहयोगी शेख हसीना को सत्ता से बेदखल करने के बाद पहला चुनाव होगा.
ये भी पढ़ें- ‘ये आतंकी हमला नहीं है…,’ स्विट्जरलैंड ब्लास्ट पर पुलिस का बयान, अबतक नहीं पता चल पाया धमाके का कारण
बांग्लादेश के साथ संबंध सुधार रहा भारत?
‘रॉयटर्स’ ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि भारत की ओर से बांग्लादेश में होने वाले चुनाव में सरकार में शामिल होने वाली संभावित राजनीतिक पार्टियों के साथ संबंध सुधारने की कोशिश की जा रही है. न्यूज एजेंसी ने शफीकुर रहमान का हवाला देते हुए बताया कि इस साल की शुरुआत में उनकी बाईपास सर्जरी के बाद एक इंडियन डिप्लोमैट ने उनसे मुलाकात की और अनुरोध किया कि मुलाकात सीक्रेट रखी जाए. ‘रॉयटर्स’ का यह इंटरव्यू शफीकुर रहमान के आवास पर हुआ. यह उसी दिन पब्लिश हुआ जब विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया को श्रद्धांजलि देने के लिए ढाका में थे. उनका 30 दिसंबर 2025 को निधन हो गया था.
