Anushka Sharma Fielding: महिला प्रीमियर लीग 2026 में अभी तक सिर्फ 4 मुकाबले हुए हैं, लेकिन टूर्नामेंट का रोमांच अपने चरम पर है. रविवार (11 जनवरी) को दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला हुआ. आखिरी गेंद तक सांस रोक देने वाले मैच में गुजरात जायंट्स ने 4 रनों से बाजी मारी. इसमें कोई दो राय नहीं है कि जायंट्स की इस शानदार जीत में न्यूजीलैंड की स्टार खिलाड़ी सोफी डिवाइन का अहम रोल रहा.
उन्होंने पहले बल्ले से धूम मचाते हुए 95 रन बनाए और गेंद से कमाल करते हुए 2 विकेट लिए और आखिरी ओवर में 7 रन का बचाव किया, लेकिन डिवाइन की इस गेम चेंजिंग ओवर से पहले 22 साल की युवा महिला खिलाड़ी अनुष्का शर्मा ने फील्डिंग में चमत्कार किया था. ये कहना गलत नहीं होगा कि अगर अनुष्का का ये प्रयास विफल होता तो मैच उसी समय दिल्ली कैपिटल्स के हाथ में था.
अनुष्का शर्मा ने की चमत्कारी फील्डिंग
ये चमत्कारी लम्हा दिल्ली कैपिटल्स की बैटिंग पारी के 19वें ओवर में आया. काश्वी गौतम की पहली गेंद पर जेमिमा रोड्रिगेज ने शानदार शॉट खेला. ऐसा लगा कि गेंद आसानी से बाउंड्री पार कर जाएगी, लेकिन अनुष्का शर्मा ने बाउंड्री लाइन के पास हवा में तैरते हुए गेंद को रोका. इस सुपरवुमन वाले प्रयास से उन्होंने 4 रन बचाए. और इसी 4 रन ने दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
— Female Cricket (@imfemalecricket) January 11, 2026
4 रन से जीती गुजरात जायंट्स
अनुष्का शर्मा की शानदार फील्डिंग के कारण दिल्ली कैपिटल्स को 4 रन का नुकसान हो गया. उसके बाद आखिरी ओवर में उन्हें सिर्फ 7 रनों की दरकार थी, लेकिन सोफी डिवाइन ने अनुष्का के प्रयास को व्यर्थ नहीं जाने दिया और आखिरी ओवर में सिर्फ 2 रन देकर सनसनी मचा दी. गुजरात जायंट्स की महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम ने 205 रन बनाए.
वोल्वार्ड्ट मे खेली शानदार पारी
210 रनों का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 203 रन बना लिए थे. साउथ अफ्रीका महिला टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट तूफानी अंदाज में खेल रही थीं. ऐसा लगा कि वो एक गेंद पर मैच खत्म कर देगी, लेकिन अंतिम ओवर में सोफी डिवाइन का जादू देखने को मिला. उन्होंने पहली गेंद पर पहले दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स को आउट किया और फिर 5वीं गेंद पर वोल्वार्ड्ट को आउट कर मैच का पासा पलट दिया. वोल्वार्ड्ट ने 38 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकी. गेंद से कमाल करने से पहले डिवाइन ने बल्ले से भी धमाल मचाते हुए 42 गेंदों पर 95 रनों की शानदार पारी खेली.
ये भी पढ़ें: 8 रन पर 3 विकेट… कोहली के आउट होते ही फंसा पेंच, फिर कोच गंभीर के इस ‘मास्टरप्लान’ से NZ का हुआ काम-तमाम
