Guatemala News: मध्य अमेरिका के देश ग्वाटेमाला से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां के राष्ट्रपति बर्नार्डो अरेवालो ने देश में अगले 30 दिनों के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी है. ये फैसला जेल दंगों और उसके बाद हुए गैंगवार की जवाबी कार्रवाई से जुड़ी हिंसा में बढ़ोतरी के बाद लिया गया है. बताया जा रहा है कि अधिकारी तीन जेलों में अशांति से निपट रहे थे. यहां पर कैदियों ने गैंग लीडरों के लिए सुविधाओं पर लगाई गई पाबंदियों के विरोध में दर्जनों गार्ड और स्टाफ को बंधक बना लिया था. इसमें बैरियो 18 के एक ताकतवर सदस्य एल्डो डुप्पी भी शामिल है.
स्थिति को किया गया नियंत्रित
हालांकि, पुलिस और मिलिट्री यूनिट्स के छापे के बाद सुरक्षा बलों ने जेलों पर फिर से कंट्रोल किया है. स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है. राष्ट्रपति अरेवालो की ओर से कहा गया कि सभी बंधकों को छुड़ा लिया गया है. बावजूद इसके जेलों पर दोबारा कंट्रोल करने के तुरंत बाद ग्वाटेमाला सिटी और उसके आसपास गैंग के सदस्यों के जवाबी हमलों में कम से कम सात पुलिस अधिकारी मारे गए और लगभग 10 और घायल हो गए.
यह भी पढ़ें: ब्रिटिश मीडिया पर फिर बरसेंगे प्रिंस हैरी! डेली मेल के खिलाफ कोर्ट में जंग, दांव पर करोड़ों
राष्ट्रपति का देश के नाम संबोधन
देश को संबोधित करते हुए ग्वेटेमाला के राष्ट्रपति अरेवालो ने कहा कि ये हत्याएं सुरक्षा बलों और आबादी को डराने के इरादे से की गईं ताकि हम गैंग और उनके आतंक के राज के खिलाफ लड़ाई छोड़ दें. लेकिन वे नाकाम होंगे. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकार किसी भी धमकियों के आगे नहीं झुकेगी. उधर, अशांति के जवाब में ग्वाटेमाला सिटी में अमेरिकी दूतावास ने सप्ताहांत में अपने स्टाफ के लिए अस्थायी शेल्टर-इन-प्लेस आदेश को हटा लिया है और कुछ इलाकों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है. यहां पर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दी है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के सख्त इमिग्रेशन नियमों को झटका! दो भारतीय शरणार्थियों की रिहाई का कोर्ट ने दिया आदेश
