News in Brief

कराची: पाकिस्तान ने पूर्व कप्तान मोईन खान (Moin Khan) के बेटे और नए खिलाड़ी आजम खान (Azam Khan) को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरे के लिए चुनी गई टी20 टीम में शामिल किया गया है. चयनकर्ताओं ने इसके साथ ही इमाद वसीम को इंग्लैंड में तीन एवं वेस्टइंडीज में पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा हारिस सोहेल को इंग्लैंड में तीन वनडे मैचों के लिए फिर से टीम में शामिल किया है.

आजम खान पाकिस्तान की टी20 टीम में

टी20 टीम में आजम (Azam Khan) का नाम चौंकाने वाला है क्योंकि उन्होंने अभी तक प्रथम श्रेणी का सिर्फ एक मैच खेला है. उन्होंने हालांकि 36 टी20 मैच खेले है और उनकी छवि बड़े शॉट लगाने वाले बल्लेबाज की है. वह पाकिस्तान सुपर लीग और श्रीलंका प्रीमियर लीग में खेल चुके हैं.

तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास और नसीम शाह की भी जमैका में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच की टेस्ट श्रृंखला के लिए टीम में वापसी हुई है. जिम्बाब्वे में खेले गए हालिया दो टेस्ट मैचों में अब्बास और नसीम को नजरअंदाज किया गया था.

चयनकर्ताओं ने अनुभवी लेग स्पिनर यासिर शाह को भी दो टेस्ट मैचों की टीम में रखा है, लेकिन उनका अंतिम चयन फिटनेस टेस्ट पास करने पर होगा. घुटने की चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी उनकी अनदेखी की गई थी.

पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड दौरे पर आठ से 20 जुलाई के बीच तीन एकदिवसीय और इतने ही टी20 मैचों की श्रृंखला खेलेगी.

टीमें:

टेस्ट: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (उप-कप्तान, विकेटकीपर), अब्दुल्ला शफीक, आबिद अली, अजहर अली, फहीम अशरफ, फवाद आलम, हारिस रऊफ, हसन अली, इमरान बट, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, नौमान अली, साजिद खान, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), सऊद शकील, शाहीन शाह अफरीदी, शाहनवाज दहानी, यासिर शाह (फिटनेस पर निर्भर), जाहिद महमूद.

एकदिवसीय टीम : बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फहीम अशरफ, फखर जमां, हैदर अली, हारिस रउफ, हारिस सोहेल, हसन अली, इमाम-उल-हक, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान अली अगा, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), सऊद शकील, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान कादिर.

टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), अरशद इकबाल, फहीम अशरफ, फखर जमां, हैदर अली, हारिस रऊफ, हसन अली, इमाद वसीम, मोहम्मद हफीज, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर) , मोहम्मद वसीम जूनियर, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, शरजील खान, उस्मान कादिर.