वेनेजुएला की राजनीति अब फिल्मी हो गई है. निकोलस मादुरो को अमेरिका उठाकर लेकर चला गया. जिसके बाद डेल्सी रोड्रिगेज अंतरिम प्रेसिडेंट बनीं. लोगों को लगा कि देश के हालात कुछ सुधरेंगे, और सुधरने भी लगे थे, जिसमें एक राजनीतिक कैदियों की रिहाई का काम भी शुरू हो गया था. लेकिन रविवार को वेनेजुएला में जो हुआ उसने देश को फिर एक बार झकझोर दिया है. असल में  मारिया कोरिना माचाडो के सबसे करीबी जुआन पाब्लो गुआनिपा को हेलिकोइड जेल से छोड़ दिया गया था जो पिछले साल मई से बंद थे.

जेल से रिहाई का जश्न भी नहीं मना पाए थे गुआनिपा
बाहर आते ही वो खुश थे. मोटरसाइकिल पर घूमे, प्रेस से बात की, देश में उनके समर्थक खुशी मना रहे थे लेकिन यह खुशी अधिक देर तक नहीं टिकी. जेल से रिहा हुए विपक्षी नेता जुआन पाब्लो गुआनिपा को कुछ ही घंटों बाद जबरन अगवा कर लिया गया. इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. गुआनिपा, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता और प्रमुख विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो के सबसे भरोसेमंद साथियों में गिने जाते हैं. अब समझझते हैं पूरी खबर.

कैसे हुआ अपहरण?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नोबेल विजेता मारिया कोरीना मचाडो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि चार गाड़ियों में आए भारी हथियारों से लैस लोग, जो आम कपड़ों में थे, अचानक गुआनिपा के पास पहुंचे और उन्हें जबरदस्ती अपने साथ ले गए. मचाडो ने इसे “खुला और योजनाबद्ध अपहरण” करार देते हुए उनकी तुरंत रिहाई की मांग की है.

Add Zee News as a Preferred Source

बेटे ने सुनाई आंखों देखी कहानी
गुआनिपा के बेटे रामोन गुआनिपा ने एक वीडियो जारी कर बताया कि यह कोई साधारण किडनैपिंग नहीं थी, बल्कि घात लगाकर किया गया हमला था. उनके मुताबिक करीब दस हथियारबंद अज्ञात लोग पहले से मौके पर मौजूद थे और सही समय देखते ही उन्होंने उनके पिता को अगवा कर लिया.

कौन हैं जुआन पाब्लो गुआनिपा?
गुआनिपा वेनेजुएला में विपक्ष की मजबूत आवाज माने जाते हैं. उन्हें मई 2025 में गिरफ्तार किया गया था. उस वक्त तत्कालीन गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने उन पर संसद चुनाव को नुकसान पहुंचाने और आतंकी साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. तभी से वे राजधानी काराकास की एक हिरासत केंद्र में बंद थे.

रिहाई की खुशी, फिर सन्नाटा
रविवार को जब गुआनिपा की रिहाई हुई, तो उन्होंने सोशल मीडिया पर एक छोटा सा वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में उनके पीछे सुरक्षाकर्मी और बख्तरबंद गाड़ियां दिखाई दे रही थीं. गुआनिपा ने कहा था, “वेनेजुएला के वर्तमान और भविष्य पर बहुत कुछ कहना बाकी है, और सच हमेशा आगे रहेगा.” लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके गायब होने की खबर ने इस खुशी को डर में बदल दिया.

राजनीतिक कैदियों पर सरकार दबाव में
मानवाधिकार संगठन Foro Penal के मुताबिक, रविवार को कुल 18 राजनीतिक कैदियों को रिहा किया गया था. जनवरी में सरकार की घोषणा के बाद से अब तक 383 राजनीतिक कैदियों को छोड़ा जा चुका है. हालांकि, सैकड़ों लोग अब भी जेल में हैं. कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सरकार पर विपक्ष और अंतरराष्ट्रीय संगठनों का दबाव बढ़ता जा रहा है. सरकार का दावा है कि वह किसी को राजनीतिक विचारों के कारण जेल में नहीं रखती, बल्कि अपराधों के चलते कार्रवाई करती है.

मचाडो का साफ संदेश
मचाडो ने कहा, “हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक हर राजनीतिक कैदी आज़ाद होकर अपने घर नहीं लौट आता.” गुआनिपा के अपहरण के बाद वेनेजुएला में डर, गुस्सा और अनिश्चितता का माहौल साफ महसूस किया जा रहा है.