
नई दिल्ली: कोरोना वायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर के चलते देश में जगह-जगह लॉकडाउन लगा हुआ है. इस वक्त देश की पुलिस नियमों को लेकर काफी सख्त है और आम लोगों के साथ-साथ कुछ बड़ी हस्तियों के भी नियम तोड़ने के चलते चालान कट चुके हैं. इसी लिस्ट में एक नाम केकेआर (KKR) के स्टार खिलाड़ी का भी जुड़ चुका है.
पुलिस ने काटा चालान
दरअसल केकेआर (KKR) के स्टार बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी (Rahul Tripathi) का पुलिस ने कोरोना वायरस के नियम तोड़ने के चलते चालान काट दिया. वो बिना मास्क लगाए अपनी गाड़ी में सफर कर रहे थे. पुलिस ने उनका 500 रुपये का चालान काटा है. पुलिस के मुताबिक राहुल (Rahul Tripathi) दोपहर में बिना मास्क लगाए पुणे में अपनी कार में कहीं जा रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उनकी कार को रोक कर चालान काटा.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक पुलिस सब-इंस्पेक्टर संतोष सोनवेन ने बताया, ‘चेकपॉस्ट पर हमने एक आदमी को गाड़ी में मास्क के बिना देखा. जब हमने उन्हें रोका, तो उन्होंने हमें बताया कि वह एक फेमस इंसान हैं. हमने उनसे कहा कि उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है और उन्हें अब जुर्माना भरना पड़ेगा. इस पर वो सहमत हो गए और 500 रुपये का भुगतान करके चले गए.’
अब थम रही है दूसरी लहर
देश में कोरोना (Coronavirus) की दूसरी लहर अब थमने लगी है और अब नए मामलों में लगातार कमी आ रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना से ठीक होने वालों की दर में बढ़ोतरी हुई है. रिकवरी रेट बढ़कर 90% हो गया है. नए मामलों के साथ मौत के आंकड़ों में भी कमी दर्ज हुई है. देशभर में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1.73 लाख नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि 3,617 लोगों की मौत हुई है. ये लगातार दूसरा दिन है जब कोरोना के मामले 2 लाख से कम आए हैं.
