US Aircraft Carrier Middle East: USS Abraham Lincoln अमेरिका का एक बड़ा एयरक्राफ्ट कैरियर है. इसे समुद्र का चलता-फिरता एयरबेस भी कहा जाता है. इस समय जहाज ने अपना ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम यानी AIS बंद कर दिया है. यह सिस्टम आम तौर पर जहाजों की पहचान और टकराव से बचने के लिए होता है. हालांकि इसे युद्ध वाले इलाकों में इसे बंद रखना बहुत आम बात है. इससे दुश्मन को जहाज की सीधी लोकेशन नहीं मिल पाती है.

खामोश दानव
AIS बंद होने के बाद USS Abraham Lincoln एक तरह से खामोश दानव बन जाता है. अब ईरान जैसे देशों को इसे ढूंढने के लिए रडार या फिर खुद की आंखों से देखने जैसे मुश्किल तरीकों पर निर्भर रहना पड़ता है. यह काम आसान नहीं है खासकर तब जब जहाज लगातार अपनी जगह लगातार बदल रहा हो.

समुद्र में सुई ढूंढने जैसा
अरब सागर और ओमान की खाड़ी बहुत बड़े इलाके में फैली हुई हैं. बिना किसी ट्रांसपोंडर सिग्नल के इतने विशाल समुद्र में एक जहाज को ढूंढना सुई को भूसे के ढेर में खोजने जैसा है. USS Abraham Lincoln 30 नॉट से ज्यादा की रफ्तार से चलता है. इसे ऐसे समझिए की अगर ये चल लगातार चल रहा है तो एक घंटे में उसकी पुरानी लोकेशन बेकार हो जाती है.

Add Zee News as a Preferred Source

ईरान की नजर आसमान से
ईरान अपने ‘नूर’ जैसे देसी सैटेलाइट से समुद्री इलाकों पर नजर रखता है. हालांकि ये सैटेलाइट अमेरिकी सैटेलाइट जितनी तेज और सटीक जानकारी नहीं दे पाते हैं. अमेरिकी नौसेना इसी कमजोरी का फायदा उठाती है. सैटेलाइट के ब्लाइंड स्पॉट में चुपचाप अपनी जगह बदल लेती है.

ड्रोन से निगरानी की कोशिश
ईरान लंबे समय तक उड़ने वाले ड्रोन जैसे शाहेद और अबाबिल का इस्तेमाल करता है. जिनकी मदद से जहाजों को देखा जा सके लेकिन USS Abraham Lincoln के पास मजबूत इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग और एयर डिफेंस सिस्टम हैं. ये ड्रोन जहाज के पास पहुंचने से पहले ही बेअसर कर दिए जाते हैं.

इलेक्ट्रॉनिक निशान
AIS बंद होने के बाद भी जहाज से रडार और रेडियो सिग्नल निकलते हैं. ईरान अपने तटीय इलाकों में लगे सिस्टम से इन सिग्नलों को पकड़ने की कोशिश करता है. इसका जवाब अमेरिकी नौसेना ‘EMCON’ से देती है, जिसमें रेडियो का इस्तेमाल बहुत सीमित कर दिया जाता है ताकि जहाज बाकी शोर में भी छिपा रह सके.

बता दें, खुले समुद्र में छिपना आसान है लेकिन Strait of Hormuz एक तंग रास्ता है. यहां जहाजों को तय रास्तों से गुजरना पड़ता है. यहां पर ईरानी रडार की पहुंच भी ज्यादा होती है. ऐसे में छिपने से ज्यादा जोर सुरक्षा पर होता है.

ईरानी सरकार का दावा
ईरान के सरकारी मीडिया कई बार वीडियो जारी करते हैं जिनमें दावा किया जाता है कि उनके ड्रोन अमेरिकी जहाजों के ऊपर से बिना पकड़े गए उड़ चुके हैं. जानकारों का कहना है कि ये वीडियो अक्सर पुराने होते हैं या तारीख नहीं बताते ताकि ताकत दिखाने का माहौल बनाया जा सके.

सुरक्षा का घेरा
USS Abraham Lincoln अकेला नहीं चलता है. इसके साथ हमेशा एडवांस हथियारों से लैस डिस्ट्रॉयर जहाज होते हैं. इन पर लगे एजिस रडार सैकड़ों खतरों पर नजर रख सकते हैं. ड्रोन या मिसाइल को दूर से ही रोक सकते हैं. न्यूक्लियर पावर से चलने वाला यह जहाज बिना ईंधन की चिंता के तेजी से जगह बदल सकता है. यह इसकी सबसे बड़ी ताकत है. जब तक ईरान किसी संभावित लोकेशन पर प्रतिक्रिया करता है तब तक जहाज कई मील दूर जा चुका होता है.

बता दें कि ईरान और अमेरिका के बीच यह एक लगातार चलने वाला खेल है. एक तरफ ईरान अपनी निगरानी मजबूत कर रहा है तो दूसरी तरफ अमेरिकी नौसेना नए तरीके अपनाकर खुद को छिपा रही है. जानकारों के मुताबिक जहाज को ढूंढ लेना ही काफी नहीं है असली चुनौती उसे निशाना बनाने में आने वाली है.

यह भी पढ़ें: DNA: ईरान Vs अमेरिका..नया अपडेट क्या? खलीफा के एटम बम से डर गए ट्रंप?