जहां एक ओर प्लेन पैसेंजर के लिए उड़ान आराम और भरोसे का नाम होती है, वहीं अब आसमान से जुड़ी एक खबर ने एयरलाइंस और पैसेंजर दोनों की चिंता बढ़ा दी है. अमेरिका की एविएशन अथॉरिटी ने मेक्सिको और मध्य अमेरिका के ऊपर उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स को लेकर नई चेतावनी जारी की है. वजह है कि क्षेत्र में चल रही सैन्य गतिविधियां और नेविगेशन सिस्टम में संभावित गड़बड़ी. FAA का कहना है कि हालात ऐसे हैं, जहां जरा-सी चूक बड़ी परेशानी बन सकती है. यही कारण है कि पायलटों और एयरलाइंस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
नेविगेशन सिस्टम पर खतरा
अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने शुक्रवार को मेक्सिको और मध्य अमेरिका के कुछ हिस्सों में उड़ान भरने वाली एयरलाइंस के लिए चेतावनी नोटिस जारी किए. FAA के मुताबिक, इन इलाकों में “संभावित रूप से खतरनाक स्थिति” बन सकती है. खास चिंता ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) को लेकर जताई गई है, जो आधुनिक विमानों के लिए बेहद जरूरी तकनीक है. FAA ने कई NOTAMs (Notice to Airmen) जारी कर एयरक्रू को सतर्क रहने को कहा है, ताकि किसी भी तकनीकी बाधा से बचा जा सके.
किन-किन इलाकों पर असर
FAA के एक प्रवक्ता के अनुसार, यह एडवाइजरी मेक्सिको, मध्य अमेरिका, पनामा, बोगोटा, गुआयाकिल और मजातलान ओशियानिक फ्लाइट रीजन के लिए जारी की गई है. इसके अलावा, पूर्वी प्रशांत महासागर के कुछ हवाई क्षेत्रों को भी इसमें शामिल किया गया है. AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, यह चेतावनी अगले 60 दिनों तक प्रभावी रहेगी. इसका मतलब है कि आने वाले दो महीनों तक इन क्षेत्रों में उड़ान भरने वाली एयरलाइंस को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एयर रूट्स और फ्लाइट ऑपरेशन में बदलाव भी संभव है.
सैन्य गतिविधियां और बढ़ता तनाव
FAA ने सीधे तौर पर किसी एक सैन्य अभियान का नाम नहीं लिया है, लेकिन चेतावनी का समय हालिया घटनाओं से जुड़ा माना जा रहा है. इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने एक बड़े सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया था. 3 जनवरी को हुए इस छापे और एयरस्ट्राइक में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार किया गया था. उन पर ड्रग तस्करी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और सैन्य हलचल बढ़ी है.
ट्रंप के बयान से और बढ़ी चिंता
मामले को और गंभीर बनाता है अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हालिया बयान. ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका मेक्सिको में सक्रिय ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ जमीनी सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहा है. फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि “कार्टेल्स मेक्सिको चला रहे हैं और अब हम जमीन पर कार्रवाई शुरू कर सकते हैं.” ऐसे बयानों के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि इसी बढ़ते सैन्य माहौल का असर हवाई सुरक्षा पर भी पड़ रहा है, जिस वजह से FAA को यह चेतावनी जारी करनी पड़ी.
