Colombia presidential 2026: कोलंबिया की राजनीति एक बार फिर हिंसा और भावनाओं के संगम पर खड़ी दिख रही है.पिछले साल राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार मिगुएल उरीबे तुर्बे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.अब उनके पिता मिगुएल उरीबे लोंडोनो ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का ऐलान कर सबको चौंका दिया है.देश में यह चुनाव मई के अंत में होने हैं.

“जो आज यहां होना चाहिए था, वह मेरा बेटा था”
न्यूज एजेंसी एपी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक,  बोगोटा की सड़कों पर एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने सबके दिल को छू लिया. असल में बोगोटा में आयोजित एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान 73 वर्षीय मिगुएल उरीबे लोंडोनो भावुक हुए थे. जब उन्होंने कहा, “आज मैं दुनिया से कह रहा हूं कि यहां मुझे नहीं, मेरे बेटे को होना चाहिए था.उसे इसलिए मारा गया ताकि बुरे लोगों को कोई परेशान न करे… लेकिन मिगुएल आज भी जिंदा है.” उनके इस बयान ने समर्थकों के बीच गहरी भावनात्मक प्रतिक्रिया पैदा कर दी.

किस पार्टी से लड़ेंगे चुनाव?
मिगुएल उरीबे लोंडोनो डेमोक्रेटिक कोलंबिया पार्टी के टिकट पर राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे. यह एक छोटी पार्टी है, जिसकी शुरुआत अफ्रो-कोलंबियाई समुदाय के अधिकारों की लड़ाई से हुई थी. फिलहाल इस पार्टी के पास संसद में सिर्फ एक सीट है.

Add Zee News as a Preferred Source

बेटे की पार्टी से क्यों टूटा रिश्ता?
उरीबे लोंडोनो शुरुआत में अपने बेटे की पार्टी डेमोक्रेटिक सेंटर से ही चुनाव लड़ना चाहते थे.लेकिन पार्टी नेतृत्व से मतभेद हो गए. खबरें आईं कि अगर उन्हें पार्टी का उम्मीदवार नहीं बनाया गया, तो वह किसी निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन कर सकते हैं.इसके बाद विवाद बढ़ा और आखिरकार उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. जबकि यह वही पार्टी थी, जिसे बनाने में उनकी अहम भूमिका रही थी.

चुनावी मैदान में कितनी बड़ी टक्कर?
फिलहाल कोलंबिया में राष्ट्रपति पद के लिए दो दर्जन से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं. मार्च की शुरुआत में अलग-अलग पार्टियों के बीच प्राइमरी चुनाव होंगे, जिसके बाद तस्वीर कुछ साफ होने की उम्मीद है.

कौन आगे चल रहा है?
राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो की वामपंथी गठबंधन हिस्टोरिकल पैक्ट के नेता इवान सेपेडा कई जनमत सर्वे में आगे बताए जा रहे हैं. उनके बाद अल्ट्रा-कंजर्वेटिव वकील एबेलार्दो डी ला एस्प्रियेला का नाम है, जो अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा कर रहे हैं.

मिगुएल उरीबे तुर्बे की हत्या और जांच
मिगुएल उरीबे तुर्बे को पिछले साल एक चुनावी रैली के दौरान सिर में कई गोलियां मारी गई थीं.वह दो महीने तक आईसीयू में रहे और अगस्त में उनकी मौत हो गई. सरकार ने एक नाबालिग समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन हत्या का आदेश किसने दिया, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है.अधिकारियों के मुताबिक इस हमले के पीछे सेगुंडा मार्केटालिया नामक विद्रोही संगठन का हाथ हो सकता है.