Iran Anti-Government Protests: ईरान इस समय जनआंदोन के दौर से गुजर रहा है. पिछले कुछ दिनों से ईरान में लोग सड़कों पर हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं. राजधानी तेहरान से लेकर दूर के ग्रामीण इलाकों तक लोगों ने देश के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के खिलाफ हल्ला बोला है और उनके विरोध में जमकर नारेबाजी की जी रही है. बताया जा रहा है कि महंगाई और अर्थव्यवस्था की बदहाली के विरोध में लोगों का गुस्सा फूटा है. हालांकि, इस बात पर भी गौर किया जाना चाहिए कि ईरान की सरकार और वैश्विक मामलों के कई जानकारों का मानना है कि इस विरोध प्रदर्शन के पीछे अमेरिका का हाथ हो सकता है. 

इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सामने आए वीडियो में ईरान के इस्लामिक शासन को चुनौती देती हुई एक बुजुर्ग महिला प्रदर्शन करते हुए नजर आ रही है. हैरान करने वाली बात है कि इस वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि महिला के मुंह से खून बहता नजर आ रहा है. महिला को तेहरान की सड़कों पर मार्च करते हुए और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए देखा जा सकता है. इस दौरान वह चिल्ला रही है कि मुझे डर नहीं लगता है. मैं पिछले 47 साल से मरी हुई हूं. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला के मुंह से खून निकल रहा है या फिर प्रतीक के तौर पर किसी प्रकार का कोई रंग का इस्तेमाल किया गया है. 

सोशल मीडिया पर शेयर किया गया वीडियो 

Add Zee News as a Preferred Source

ईरान की सड़कों पर इस तरीके से प्रदर्शन कर रही महिला का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है. एक्स पर इस क्लिप को एक ईरानी-अमेरिकी पत्रकार ने साझा किया है. उन्होंने इस वीडियो के साथ लिखा कि मुझे डर नहीं लगता. मैं 47 साल से मरी हुई हूं, यह ईरान की एक महिला की आवाज है जो इस्लामिक गणराज्य से तंग आ चुकी है. आगे उन्होंने लिखा कि 47 साल पहले इस्लामिक गणराज्य ने हमारे अधिकार छीन लिए और राष्ट्र को बंधक बना लिया. आज लोगों के पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा है, वे उठ खड़े हुए हैं. ईरान उठ रहा है. 

ईरान में इंटरनेट और टेलीफोन कॉल सेवा सस्पेंड 

ईरान में जारी सुप्रीम लीडर के खिलाफ प्रदर्शन के बाद ईरानी सरकार ने देश को इंटरनेट और इंटरनेशनल टेलीफोन कॉल सेवा से काट दिया है. दोनों सेवाओं को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है. पिछले दिनों देश के निर्वासित क्राउन प्रिंस द्वारा बुलाई गई रात की एक रैली में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अपनी खिड़कियों से नारे लगाने और सड़कों पर उतरने के लिए जमा हो गए. ज्ञात हो कि ईरान के शहरों और ग्रामीण कस्बों में गुरुवार को भी प्रदर्शन जारी रहे. इस दौरान कई दुकानदारों ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया और उन्होंने अपनी दुकानों को बंद कर दिया. अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, ईरान में जारी इस प्रदर्शन में कम से कम 42 लोग मारे गए हैं, जबकि 2,270 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है. 

ईरान के सरकारी टीवी ने तोड़ी चुप्पी 

गौरतलब है कि ईरान में बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बढ़ने से नागरिक सरकार और उसके सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला अली खामेनेई पर दबाव बढ़ गया है. इंटरनेट फर्म क्लाउडफ्लेयर और एडवोकेसी ग्रुप नेटब्लॉक्स ने इंटरनेट बंद होने की रिपोर्ट दी है. वहीं, ईरान के सरकारी टीवी ने शुक्रवार को ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. इस दौरान ईरान में प्रदर्शन के दौरान हताहतों की संख्या का खुलासा किया गया. वहीं, दावा किया गया कि अमेरिका और इजरायल के ‘आतंकवादी एजेंटों’ ने आग लगाई थी. हालांकि, इस दौरान इंटरनेट बंद होने की बात को नहीं स्वीकार किया गया था. 

यह भी पढ़ें:  ‘ट्रंप तुम्हें मार डालेंगे, सुबह मरे हुए पाए जाओगे’, अयातुल्ला खामेनेई को अमेरिकी सीनेटर की खुली धमकी, वेनेजुएला के बाद अब ईरान में बदल जाएगी सत्ता?