Trump Comments On Putin: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अगवा किए जाने की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया है. व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की तरह पुतिन को पकड़ने का आदेश दे सकते हैं तो ट्रंप ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इसकी जरूरत पड़ेगी.

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने संकेत दिया था कि अमेरिका मादुरो की तरह पुतिन के खिलाफ भी कोई कदम उठा सकता है. हालांकि ट्रंप ने जेलेंस्की की इस राय से असहमति जताते हुए कहा कि इस तरह के कदम या प्रतिबंध जरूरी नहीं हैं लेकिन उन्होंने यह जरूर माना कि वह पुतिन से बहुत निराश हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे रूस के साथ अच्छे संबंध रहे हैं और आगे भी रहेंगे. मैंने 8 युद्ध सुलझाए हैं. मुझे लगा था कि यह मामला आसान होगा या कम से कम बीच के स्तर का होगा, लेकिन मैं बहुत निराश हूं.

ये भी पढ़ें: वेनेजुएला के तेल पर ट्रंप का सख्त रुख, अमेरिका ने कैरेबियन में एक और टैंकर किया जब्त- Video

ट्रंप ने जाहिर की नाराजगी

ट्रंप ने दावा किया कि यूक्रेन और रूस के बीच समझौता अब करीब है. उन्होंने कहा कि बीते महीने संघर्ष में लगभग 31000 लोग मारे गए जिनमें बड़ी संख्या रूसी सैनिकों की थी. ट्रंप ने यह भी कहा कि रूसी अर्थव्यवस्था दबाव में है और उन्हें भरोसा है कि युद्ध का समाधान निकलेगा. काश हम इसे और जल्दी सुलझा पाते क्योंकि बहुत से लोग, खासकर सैनिक, मारे जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: नोबेल समिति को होनी चाहिए शर्मिंदगी… माचाडो के प्राइज समर्पित करने वाले बयान पर बोले ट्रंप

इससे पहले जेलेंस्की ने एक बयान में परोक्ष रूप से पुतिन का जिक्र करते हुए कहा था कि अगर किसी तानाशाह के साथ वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए जैसा मादुरो के साथ हुआ, तो अमेरिका जानता है कि उसे क्या करना है. गौरतलब है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध में युद्ध अपराधों को लेकर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के गिरफ्तारी वारंट का सामना कर रहे हैं. यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया है, जब हाल ही में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों और कानून प्रवर्तन के संयुक्त अभियान में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को काराकास से हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया था. इसके बाद वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश की कमान संभाल ली है.