जहां एक तरफ बांग्लादेश में यूनुस के राज में देश में हाहाकार मचा हुआ है. चुनाव से फैली अराजकता की खूब खबरें आ रही हैं, उसी बांग्लादेश में ढाका स्थित भारतीय उच्चायुक्तालय में भारतीय समुदाय ने 26 जनवरी 2026 को भारत के 77वें गणतंत्र दिवस को खूब धूमधाम से मनाया. उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रपति के संदेश के अंश पढ़े. समुदाय के सदस्यों ने देशभक्ति गीत गाए. सिलहट, खुलना, चट्टोग्राम और राजशाही में भी जश्न हुआ. जानते हैं पूरी खबर.
बांग्लादेश में राजनीतिक माहौल चाहे जितना तनावपूर्ण हो लेकिन 26 जनवरी 2026 को भारतीय समुदाय ने बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ गणतंत्र पर्व मनाया. यह आयोजन बिना किसी रुकावट के हुआ और काफी धूमधाम वाला रहा.
तिरंगा किसने फहराया?
भारत के ढाका में उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने खुद राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के बाद उन्होंने राष्ट्रपति के गणतंत्र दिवस संदेश के मुख्य हिस्से पढ़कर सुनाए. सबने तिरंगे को सलाम किया और गर्व महसूस किया. कई भारतीयों की आंखें भर आईं, क्योंकि विदेश में तिरंगा देखना अलग ही भावना देता है.
देशभक्ति गीतों से गुलजार रहा पूरा माहौल
समारोह में भारतीय समुदाय के लोग बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सबने मिलकर वंदे मातरम, सारे जहां से अच्छा जैसे गाने गाए. पूरा चांसरी भवन देशभक्ति की धुनों से गूंज उठा. लोग झूमे, तालियां बजाईं और एक-दूसरे को गले लगाया. यह पल सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि घर से दूर रहने वाले भारतीयों के लिए भावुक मुलाकात जैसा था.
अन्य शहरों में भी हुआ उत्सव
ढाका के अलावा सिलहट, खुलना, चट्टोग्राम और राजशाही में भारतीय सह-उच्चायुक्तालयों में भी तिरंगा फहराया गया. हर जगह राष्ट्रगान गाया गया और छोटे-बड़े कार्यक्रम हुए.
शाम का भव्य रिसेप्शन, यूनुस सरकार के मंत्री भी शामिल
25 जनवरी को रेडिसन ब्लू वॉटर गार्डन होटल में बड़ा रिसेप्शन हुआ. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के पावर, एनर्जी एंड मिनरल रिसोर्सेज सलाहकार मुहम्मद फौजुल कबीर खान मुख्य अतिथि के तौर पर आए. जिसमें डिप्लोमैट, पॉलिटिशियन, बिजनेसमैन, मीडिया, भारतीय डायस्पोरा सब पहुंचे. उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने भारत-बांग्लादेश की पुरानी दोस्ती और साझेदारी पर जोर दिया. यह आयोजन दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने वाला साबित हुआ. यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान भारत-बांग्लादेश के बीच कुछ तनाव की के बीच गणतंत्र दिवस का यह जश्न बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण रहा.
