India vs Pakistan T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मैच खेला जाएगा. रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस का जोश हाई है. हालिया रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भले ही पाकिस्तान की टीम कोलंबो में दमदार प्रदर्शन कर रही है, लेकिन इसके बावजूद वो कहीं ना कहीं भारत से डरे हुए हैं. इसका ताजा उदाहरण पाक के स्टार बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अपने बयान से दिया है.
आमतौर पर खिलाड़ी ये कहते हैं कि हम अगले मैच में जीत के मोमेंटम को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएसए को हराने के बाद साहिबजादा फरहान ने जो कहा, उसे सुनकर फैंस हैरान हैं. पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में वसीम अकरम के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने बड़बोलेपन में ऐसा कुछ कहा, जिसे सुनने के बाद आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे.
पाकिस्तान ने तो पहले ही मान ली हार!
यूएसए के खिलाफ मैच में साहिबजादा फरहान ने 41 गेंदों पर 73 रनों की शानदार पारी खेली. पाकिस्तान ने 32 रन से ये मुकाबला अपने नाम किया और फरहान ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए. अवॉर्ड लेते समय जब वसीम अकरम ने उनसे पूछा कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच में टीम की मानसिकता क्या होगी तो पाक बल्लेबाज ने चौंका दिया.
साहिबजादा फरहान ने कहा, ‘हम भारत के खिलाफ मैच में उसी माइंडसेट के साथ जाएंगे, जैसा कि हम एशिया कप 2025 में गए थे. हम उसी रवैया के साथ मैदान पर उतरेंगे.’
पाक खिलाड़ी का ये बयान हैरान करने वाला इसलिए है क्योंकि एशिया कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को लगातार 3 बार पटखनी दी थी. आलम ये था कि हर रविवार को सूर्या एंड कंपनी पाक की धज्जियां उड़ा रही थी. इसके बावजूद साहिबजादा फरहान टी20 वर्ल्ड कप में भी एशिया कप वाली माइंडसेट के साथ खेलना चाहते हैं.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक का सफर
बता दें कि भारत और पाकिस्तान ग्रुप ए में हैं. इस ग्रुप में इन दोनों के अलावा यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड है. टीम इंडिया ने अभी तक 2 मुकाबले खेले हैं और दोनों में जीत मिली है. भारत ने पहले मुंबई के वानखेड़े में यूएसए को हराया और फिर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया को पटखनी दी. कोलंबो में अपने सभी मुकाबले खेल रही सलमान आगा की टीम ने भी अभी तक दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में पाकिस्तान को जीत मिली है. 15 फरवरी को जो भी मुकाबला जीतेगा, वो इस ग्रुप को टॉप कर सकता है. बता दें कि प्रत्येक ग्रुप से दो टीमें सुपर-8 स्टेज के लिए क्वालिफाई करेगी.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया से हाथ मिलाने को तरस रहा पाकिस्तान, कोलंबो में सूर्या पूरी करेंगे सलमान के अरमान? आ गया बड़ा अपडेट
