News in Brief

ACC Women’s Asia Cup Rising Stars 2026: फरवरी का महीना महिला क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास होने वाला है. 15 फरवरी को एक ही दिन भारत और पाकिस्तान के बीच दो मुकाबले खेले जाएंगे. ये दोनों मैच अलग-अलग टूर्नामेंट में होंगे. एक मुकाबला मेंस टी20 विश्व कप 2026 के तहत खेला जाएगा, जबकि दूसरा एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत और पाकिस्तान की ए महिला टीमों के बीच होगा. इस टूर्नामेंट के लिए बीसीसीआई की महिला चयन समिति ने भारत ‘A’ टीम का ऐलान कर दिया है, जिसकी कप्तानी WPL 2026 में खेल रहीं RCB की स्टार ऑलराउंडर राधा यादव करेंगी. 20-20 ओवर के फॉर्मेट होने वाला यह टूर्नामेंट 13 फरवरी से थाईलैंड और मलेशिया की सरजमीं पर खेला जाएगा.

राधा यादव महिला प्रीमियर लीग के चौथे सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. वह अब तक 100 से ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं. साल 2025 में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम का भी वह अहम हिस्सा रही थीं. भारत ए टीम में राधा यादव की कप्तानी में WPL 2026 खेलने वाली कई खिलाड़ियों को जगह दी गई है. इनमें अनुष्का शर्मा, 16 साल की दीया यादव और जितामणि कलिता शामिल हैं. इसके अलावा मिन्नू मणि, हुमैरा काजी, नंदनी शर्मा, तनुजा कंवर और तेजल हसबनिस पर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं. इस बार सजीवन सजना, साइका इशाक, गौतमी नाइक और संस्कृति गुप्ता जैसी खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पाया है.

ऐसी है भारत की ए महिला टीम

राधा यादव (कप्तान), हुमैरा काजी, वृंदा दिनेश, अनुष्का शर्मा, दीया यादव, तेजल हसबनिस, नंदनी कश्यप (विकेटकीपर), ममता एम (विकेटकीपर), सोनिया मेंधिया, मिन्नू मणि, तनुजा कंवर, प्रेमा रावत, सायमा ठाकोर, जितामणि कलिता, नंदनी शर्मा.

Add Zee News as a Preferred Source

क्यों थाईलैंड शिफ्ट किया गया टूर्नामेंट?

दरअसल, एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन 2025 में वहां फैले चिकनगुनिया वायरस और भारी बारिश के चलते इसे टाल दिया गया था. अब यह पूरा टूर्नामेंट थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा फरवरी महीने में श्रीलंका में मेंस टी20 विश्व कप 2026 के मैच भी खेले जाने हैं, इसी वजह से इस टूर्नामेंट को थाईलैंड शिफ्ट किया गया है.

कुल 8 टीमों के बीच होगी जंग

एसीसी के इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका अपनी ‘A’ टीमें भेज रहे हैं, जबकि नेपाल, यूएई, मलेशिया और मेजबान थाईलैंड फुल स्ट्रेंथ टीमों के साथ मैदान में उतरेंगी. भारत ए को ग्रुप A में रखा गया है, जिसमें पाकिस्तान ‘A’, यूएई और नेपाल शामिल हैं. वहीं ग्रुप B में बांग्लादेश ‘A’, श्रीलंका ‘A’, मलेशिया और थाईलैंड को जगह मिली है. टूर्नामेंट के सभी मुकाबले बैंकॉक के एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ग्राउंड और टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे.

एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का शेड्यूल देखिए

तारीख दिन मैच समय
13 फरवरी शुक्रवार पाकिस्तान ‘A’ vs नेपाल 9:30 AM
13 फरवरी शुक्रवार भारत ‘A’ vs यूएई 2:00 PM
14 फरवरी शनिवार मलेशिया vs थाईलैंड 9:30 AM
14 फरवरी शनिवार बांग्लादेश ‘A’ vs श्रीलंका ‘A’ 2:00 PM
15 फरवरी रविवार यूएई vs नेपाल 9:30 AM
15 फरवरी रविवार भारत ‘A’ vs पाकिस्तान ‘A’ 2:00 PM
16 फरवरी सोमवार श्रीलंका ‘A’ vs मलेशिया 9:30 AM
16 फरवरी सोमवार बांग्लादेश ‘A’ vs थाईलैंड 2:00 PM
17 फरवरी मंगलवार भारत ‘A’ vs नेपाल 9:30 AM
17 फरवरी मंगलवार पाकिस्तान ‘A’ vs यूएई 2:00 PM
18 फरवरी बुधवार बांग्लादेश ‘A’ vs मलेशिया 9:30 AM
18 फरवरी बुधवार श्रीलंका ‘A’ vs थाईलैंड 2:00 PM
20 फरवरी शुक्रवार सेमीफाइनल 1 9:30 AM
20 फरवरी शुक्रवार सेमीफाइनल 2 2:00 PM
22 फरवरी रविवार फाइनल 2:00 PM

ये भी पढ़ें: T20, ODI और Test खेलने ऑस्ट्रेलिया जाएगी टीम इंडिया, स्क्वाड का हुआ ऐलान