Elysee Palace Theft: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आधिकारिक निवास एलिसी पैलेस से लाखों यूरो के चांदी के बर्तन चोरी होने का मामला सामने आया है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस चोरी को राष्ट्रपति हाउस के ही एक कर्मचारी ने अंजाम दिया था. चोरी में शामिल 3 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें आरोपी के साथियों के अलावा चोरी की गई वस्तुओं को ऑनलाइन नीलामी करने का प्रयास करने वाला एक व्यक्ति भी शामिल है.
फ्रांस के पेरिस अभियोजन कार्यालय ने बताया कि इस चोरी के सिलसिले में एलिसी पैलेस के चांदी बर्तनों के मैनेजर थॉमस एम और उनके साथी डेमियन जी को गिरफ्तार किया गया. इन पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रपति आवास से चीनी मिट्टी के बर्तन और अन्य मूल्यवान चांदी के बर्तनों की चोरी की. पुलिस ने इस मामले में तीसरे संदिग्ध घिसलेन एम को भी गिरफ्तार किया है जो लूव्र संग्रहालय में गार्ड के रूप में काम करता था.
पुलिस ने बरामद किए चोरी के बर्तन
चोरी किए गए बर्तनों का अनुमानित मूल्य €15,000 से €40,000 (1574025-4197400 रुपए) के बीच था. इन वस्तुओं का उपयोग राजकीय भोजों के दौरान किया जाता था. मामले की जांच में पता चला कि थॉमस एम ने चोरी करने के लिए एक योजना बनाई थी और बाद में इन वस्तुओं को बेचने की कोशिश की थी. पुलिस ने थॉमस के घर वाहन और निजी लॉकर से चांदी के बर्तन, सेवरस पोर्सिलेन, रेने लालिक की मूर्ति और बैकरेट शैंपेन के गिलास जैसी लगभग 100 मूल्यवान वस्तुएं बरामद की हैं.
ये भी पढ़ें: ‘रूसी सेना ज्वॉइन करो नहीं तो ड्रग केस में फंसा देंगे…’ गुजरात के छात्र ने यूक्रेन से किया SOS वीडियो शेयर; सुनाई आपबीती
जानकारी के अनुसार, संदिग्धों के खिलाफ फरवरी में मुकदमा चलाया जाएगा. इस मामले में पुलिस ने कहा कि घिसलेन एम को लूव्र संग्रहालय में काम पर लौटने से रोक दिया गया है जब तक कि मुकदमे की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती. उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में लूव्र संग्रहालय से भी एक सनसनीखेज चोरी हुई थी जब चोरों ने निर्माण श्रमिकों के रूप में सबसे कीमती राजसी आभूषणों की चोरी की थी जिनकी कीमत €88 मिलियन (9,23,42,80,000 रुपए) थी.
