Russian-Ukraine War: गुजरात के मोरबी निवासी साहिल मोहम्मद हुसैन ने यूक्रेन से एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर रूसी सेना में शामिल होने के खतरों को लेकर लोगों को चेतावनी दी है. साहिल ने आरोप लगाया है कि उन्हें झूठे ड्रग्स मामले में फंसाकर जबरन रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया. उन्होंने भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी लालच या दबाव में आकर रूसी सेना में शामिल न हों.

साहिल के अनुसार, वह वर्ष 2024 में उच्च शिक्षा के उद्देश्य से रूस गए थे. पढ़ाई के दौरान उन्हें वित्तीय कठिनाइयों और वीजा से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा. इसी दौरान उनका संपर्क कुछ स्थानीय रूसी नागरिकों से हुआ जो नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार से जुड़े थे. साहिल का आरोप है कि बाद में रूसी पुलिस ने उन्हें झूठे ड्रग्स मामले में फंसा दिया. उन्होंने वीडियो में दावा किया कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें यह विकल्प दिया कि यदि वे रूसी सेना में शामिल हो जाते हैं तो उनके खिलाफ दर्ज मामला वापस ले लिया जाएगा. मजबूरी में साहिल ने यह प्रस्ताव स्वीकार किया. बाद में उन्हें युद्ध क्षेत्र में भेज दिया गया जहां से उन्होंने यह SOS वीडियो रिकॉर्ड कर भारत सहित दुनिया भर के लोगों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की.

ये भी पढ़ें: इस्लाम के खिलाफ नहीं बोला था कोई अपशब्द…बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या में हुए बड़े खुलासे

Add Zee News as a Preferred Source

साहिल ने की पीएम मोदी से हस्तक्षेप की अपील 

अपने वीडियो संदेश में साहिल ने कहा कि मैं सभी से अपील करता हूं कि रूसी सेना में शामिल न हों. यहां कई स्कैमस्टर सक्रिय हैं जो झूठे मामलों में फंसाकर लोगों की जिंदगी बर्बाद कर देते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कई विदेशी नागरिक इसी तरह के जाल में फंस चुके हैं. साहिल ने भारतीय सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की अपील की है ताकि उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा सके. उनका कहना है कि वह बेहद कठिन परिस्थितियों में हैं और किसी भी तरह भारत लौटना चाहते हैं. इस पूरे मामले पर भारत सरकार की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है. विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा है कि रूसी सेना में शामिल हुए भारतीय नागरिकों की रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने भारतीय युवाओं को सलाह दी कि वे रूस या किसी अन्य देश की सेना में शामिल होने से जुड़े किसी भी प्रस्ताव से दूर रहें और सतर्कता बरतें.