
India vs South Africa Super 8 T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 रोमांचक मोड़ पर है. सुपर-8 की जंग छिड़ चुकी है. 22 फरवरी को भारतीय टीम अपना सुपर-8 का पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलने उतरेगी. इस मैच से पहले हम आपको इन दोनों टीमों के बीच हुए सबसे रोमांचक मैच की याद दिलाने जा रहे हैं. ऐसा मैच जब भारतीय फैंस की सांसें अटकी थीं और लास्ट ओवर में अफ्रीका को 13 रन की दरकार थी और ओवर की शुरुआत छक्के से हुई.
कब हुआ था ये मुकाबला?
हम बात कर रहे हैं साल 2012 टी20 वर्ल्ड कप की जब भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें ग्रुप स्टेज में खेलने उतरी थीं. कोलंबो के मैदान पर साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. भारतीय टीम ने अपने टॉप-3 बल्लेबाज महज 36 रन पर खो दिए. जिसमें वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और विराट कोहली शामिल थे. हालांकि, मिडिल ऑर्डर ने टीम को लड़ाकू स्कोर तक पहुंचाया.
भारत ने बनाए 151 रन
मिडिल ऑर्डर ने मोर्चा संभाला और रोहित शर्मा (25), युवराज सिंह (21), सुरेश रैना (45) और एमएस धोनी (23) रन की पारियां खेली और टीम का स्कोर 151 तक पहुंच गया. अफ्रीका की तरफ से 2-2 विकेट मोर्ने मोर्केल और रॉबिन पीटरसन ने झटके जबकि एक विकेट जैक कैलिस ने अपने नाम किया. भारत की बॉलिंग की तरफ से भी टक्कर देखने को मिली, लेकिन आखिरी ओवर में लक्ष्मीपति बालाजी छा गए जिन्होंने अफ्रीका के जबड़े से जीत छीन ली.
ये भी पढ़ें.. टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचेगी या नहीं? आमिर ने बताई वजह, बेतुके बयान पर दी सफाई
लास्ट ओवर थ्रिलर और 1 रन से रोमांचक जीत
भारत ने इस मुकाबले में 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की थी. टीम इंडिया की तरह अफ्रीका ने भी टॉप-3 बल्लेबाज 46 रन पर खो दिए थे. लेकिन फिर फाफ डु प्लेसिस ने 65 रन की आतिशी पारी खेलकर मुकाबले को अफ्रीका की तरफ मोड़ दिया. हालांकि, डु प्लेसी के आउट होते ही अफ्रीका की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरने लगी. आखिरी ओवर तक अफ्रीका ने 8 विकेट खो दिए थे. टीम के पास 2 विकेट और 12 रन की दरकार थी. बालाजी के ओवर की शुरुआत एल्बी मोर्केल के छक्के से हुई और अब 5 गेंद में अफ्रीका को महज 7 रन की दरकार थी. दूसरे गेंद पर मोर्केल अपना विकेट स्लोअर बॉल पर गंवा बैठे. अब मैदान पर उतरे मोर्ने मोर्केल जिन्होंने ओवर की तीसरी गेंद डॉट खेली और अगली गेंद पर फिर छक्का जमा दिया. अफ्रीका की जीत कंफर्म दिख रही थी क्योंकि टीम को महज 2 गेंद पर दो रन की दरकार थी. लेकिन अगली बॉल पर मोर्ने मोर्केल भी आउट हो गए. अफ्रीका की टीम 1 गेंद पहले ही आलआउट हो गई.

