
लोकसभा सचिवालय

लोक सभा अध्यक्ष ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की
केंद्रीय मंत्रियों एवं सांसदों ने भी दी श्रद्धांजलि
प्रविष्टि तिथि: 06 JUL 2026 5:56PM by PIB Delhi
नई दिल्ली, 06 जुलाई 2026: लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला के नेतृत्व में आज संसद सदस्यों ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह; शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान; संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू; विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल; सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन; राज्य सभा के उपसभापति श्री हरिवंश; अनेक सांसदों, पूर्व सांसदों, लोक सभा के महासचिव श्री उत्पल कुमार सिंह, राज्य सभा के महासचिव श्री पी.सी. मोदी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक प्रख्यात सांसद, प्रतिष्ठित शिक्षाविद, ओजस्वी राजनेता और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रबल समर्थक थे। उनका जन्म 6 जुलाई 1901 को हुआ था। उन्होंने लोक जीवन, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया। वे कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति रहे और बाद में भारत के राजनीतिक एवं संसदीय जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. मुखर्जी प्रथम लोक सभा के सदस्य थे। वे अपनी वाक्पटुता, प्रबुद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। संसदीय वाद–विवाद और राष्ट्रीय मुद्दों पर उनके विचारों ने उन्हें एक युगदृष्टा नेता के रूप में स्थापित किया। राष्ट्रीय एकता और लोक सेवा के प्रति उनकी निष्ठा आज भी प्रेरणास्रोत है।
संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का चित्र प्रसिद्ध चित्रकार श्री एन. एस. सुब्बाकृष्ण द्वारा निर्मित है। इसका अनावरण 31 मई 1991 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति श्री आर. वेंकटरमण द्वारा किया गया था।
संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आज भारत के महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना, अद्वितीय बौद्धिक क्षमता और देशसेवा के… pic.twitter.com/wNSh9avj5j
— Om Birla (@ombirlakota) July 6, 2026
पूर्व केंद्रीय मंत्री, प्रख्यात शिक्षाविद्, दूरदर्शी चिंतक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जयंती पर भावपूर्ण नमन।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। जहां एक शिक्षाविद् के रूप में… pic.twitter.com/7BqPwdL5ox
— Om Birla (@ombirlakota) July 6, 2026
#डॉ_श्यामा_प्रसाद_मुखर्जी pic.twitter.com/tA04NuHIJK
— Om Birla (@ombirlakota) July 6, 2026
***
AM
(रिलीज़ आईडी: 2281752) आगंतुक पटल : 3
