
IND vs NZ: भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हाल के दिनों में कमाल की गेंदबाजी करते नजर आए हैं. उन्होंने पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी में भी गदर काट दिया था. अब न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी टीम इंडिया को ब्रेक थ्रू दिलाने में कामयाब रहे. उन्होंने मैच के बीच राज खोला कि आखिर कैसे वो बल्लेबाजों को जाल में फंसाते हैं. उन्होंने कहा कि उनका ध्यान बेहतरीन प्रदर्शन करने और टीम की सफलता में योगदान देने पर है.
क्या बोले चक्रवर्ती?
ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए चक्रवर्ती ने कहा, ‘जब आपको बाहरी दुनिया से तारीफ मिलती है तो यह निश्चित रूप से एक अच्छा एहसास होता है, लेकिन हम इसके लिए नहीं खेलते हैं. हम जिस देश के लिए खेलते हैं, उसके लिए बेहतरीन प्रदर्शन और जीत के लिए प्रयास करते हैं. इसलिए, हम उसी पर ध्यान दे रहे हैं और चीजें सही जगह पर सेट हो गई हैं. हम सब जो होने वाला है उसके लिए तैयार हैं.’
कैसे किया कमबैक?
चक्रवर्ती, जो वर्तमान में पुरुषों के T20I में टॉप रैंक के गेंदबाज हैं. लेकिन साल 2021 T20 विश्व कप में समय बहुत खराब रहा था. उन्होंने अपने कमबैक पर कहा, ‘मैं कहूंगा कि मुझे अपने रूटीन और अपने कौशल में कुछ तरीकों से बदलाव करना पड़ा. जैसा कि मैंने पहले ही बताया, मैं पहले एक साइड-स्पिन गेंदबाज था. लेकिन अभी, मैं ओवर-स्पिन गेंदबाजी ज्यादा कर रहा हूं और इसके अलावा, मुझे जिम में, ट्रेनिंग में और इन सब चीजों में ज्यादा समय बिताना पड़ता है. इसलिए मैंने अपने रूटीन में थोड़ा बदलाव किया, और यह मेरे लिए काम आया है.’
ये भी पढे़ं.. टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश हुआ OUT तो किसकी होगी एंट्री? अब ये है ICC का प्लान
कैसे जाल में फंसते हैं बल्लेबाज?
चक्रवर्ती ने अपने प्लान पर कहा, ‘यह आमतौर पर मेरे पक्ष में जाता है. इसलिए, मैं चाहता हूं कि ऐसा हो. मैं चाहता हूं कि वे मुझ पर अटैक करें और तभी मैं उनके गलती करने की संभावना बना सकता हूं. इसलिए, मैं इससे खुश हूं. असल में, मैं मैच के जितना हो सके उतना रियल रखने की कोशिश करता हूँ. अगर मैं प्रैक्टिस में नो-बॉल फेंकता हूँ, तो मेरी अगली बॉल फ्री हिट होगी. इसलिए, मैं बस जाकर बॉलिंग नहीं करता, मैं इसे मैच के जितना हो सके उतना करीब बनाने की कोशिश करता हूँ। तो, यही मेरा एकमात्र लक्ष्य है.’
