
India vs New Zealand 2nd T20: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने लगातार दूसरे मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की है. रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की तूफानी पारियों की बदौलत भारत ने मैच को 7 विकेट से जीत लिया. इसके साथ ही उसने सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली. अब सीरीज का तीसरा मैच 25 जनवरी को गुवाहाटी में होगा. रायपुर में टी20 वर्ल्ड कप से पहले खेला गया यह मैच भारत के लिए कई शुभ संकेत लेकर आया. ईशान किशन ने 2 सालों बाद टीम में वापसी की और तूफानी अर्धशतक से सबका दिल जीत लिया. दूसरी ओर,कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक साल से अधिक समय के बाद टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए.
भारतीय बल्लेबाजों का आंधी
टॉस जीतकर भारत ने न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को 209 रनों का लक्ष्य दिया था. उसके लिए रचिन रवींद्र ने 44 और कप्तान मिचेल सैंटनर ने सबसे ज्यादा 47 रनों की पारी खेली. आखिरी के ओवरों में कप्तान सैंटनर के फीनिशंग टच की वजह से जैसे-तैसे न्यूजीलैंड ने भारत को 209 रनों का लक्ष्य दे पाया. जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 15.2 ओवरों में ही मैच को खत्म कर डाला. जीत के हीरो रहे ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव. दोनों की धमाकेदार पारियों के सामने कीवी खिलाड़ियों की एक ना चली. किशन ने महज 32 गेंदों में 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और कप्तान सूर्यकुमार ने नाबाद 82 रनों की आतिशी पारी खेलकर टीम इंडिया को शानदार अंदाज में जीत दिलाने में कामयाब रहे. साथ ही कप्तान सूर्या के साथ मिलकर शिवम दुबे ने 18 गेंदों में 36 रनों की धुआंधार पारी खेली. इस पारी के दौरान दुबे ने 1 चौके और 3 छक्के उड़ाए और उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट 200.00 का रहा.
सूर्या का कमबैक
लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे भारतीय कप्तान सू्र्यकुमार यादव ने गजब का जौहर दिखाते हुए 37 गेंदों में 82 रनों की शानदार पारी खेली. सूर्यकुमार ने 268 दिनों बाद टी20 इंटरनेशनल में पचासा जड़ने का कारनामा किया है. बता दें कि कप्तान सूर्यकमार की फॉर्म टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए बडी चुनौती थी, लेकिन उन्होंने सभी चुनौतियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए शानदार पारी खेली. सूर्या ने अक्टूबर 2024 के बाद अर्धशतक जड़ने का काम किया है.
ईशान का तूफान
सलामी बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ बल्लेबाजी का जिम्मा संभाला किशन ने. किशन पिछले मैच में फ्लॉप रहे थे. ऐसे में उनके ऊपर कई सवाल थे और उन्होंने सभी सवालो के जवाब बखूबी दिए. किशन ने 32 गेंदों में 76 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को दूसरे मुकाबले में लगातार जीत दिलाने का काम किया. साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में अपनी जगह को एकदम लॉक करने का काम किया है.
भारत को 209 रनों का था लक्ष्य
इससे पहले कॉन्वे ने टिम साइफर्ट के साथ पहले विकेट के लिए 3.2 ओवरों में 43 रन की साझेदारी की. कॉन्वे 9 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 19 रन बनाकर आउट हुए. अगले ओवर में सीफर्ट भी चलते बने. साइफर्ट 13 गेंदों में 5 चौकों के साथ 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे. कीवी टीम 4.2 ओवरों में 43 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी. यहां से रचिन रवींद्र ने ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 55 रन जोड़कर टीम को शतक के करीब पहुंचा दिया. फिलिप ने टीम के खाते में 19 रन का योगदान दिया. इसके बाद रचिन ने मोर्चा संभालते हुए 26 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 44 रन बनाए. कप्तान मिचेल सेंटनर सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे. उन्होंने मार्क चैपमैन (10) के साथ 32 रन, जबकि जैक फाउल्क्स (नाबाद 15) के साथ 19 गेंदों में 47 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. भारतीय खेमे से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए. उनके अलावा हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवरों में 13.20 की इकॉनमी के साथ 53 रन लुटाए, लेकिन एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके.
ये भी पढें: रायपुर में ‘बिहारी बाबू’ का जलवा, न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को जमकर कूटा, टी20 वर्ल्ड कप से पहले बजाया बिगुल
