News in Brief

Virat Kohli Vijay Hazare Fee: टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले घरेलू क्रिकेट में धमाका करने को तैयार हैं. 15 साल के लंबे इंतजार के बाद कोहली 50-ओवर टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने वाले हैं. 24 दिसंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए विराट कोहली का नाम दिल्ली के स्क्वॉड में शामिल है. वहीं, रोहित मुंबई की तरफ से खेलेंगे.

विराट कोहली और रोहित शर्माअब सिर्फ ODI फॉर्मेट में एक्टिव हैं और वो ज्यादा क्रिकेट नहीं खेलते हैं. यही वजह है कि उनके लाखों फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में खेलते देखने के लिए उत्साहित हैं. फैंस ये भी जानने को बेताब हैं कि इंटरनेशनल क्रिकेट में एक मैच के जरिए लाखों रुपये कमाने वाले कोहली-रोहित को विजय हजारे ट्रॉफी में कितनी रकम मिलेगी.

विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली को कितने पैसे मिलेंगे?

Add Zee News as a Preferred Source

रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में की शुरुआती दो मैचों में उपलब्ध होंगे. 24 दिसंबर को दिल्ली का सामना आंध्र से होगा. करोड़ों की नेटवर्थ और एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए नोट छापने वाले कोहली को विजय हजारे ट्रॉफी में जो रकम मिलेगी, उसके बारे में जानकर फैंस को झटका लग सकता है. 

दरअसल, बीसीसीआई के ढांचे के अनुसार, खिलाड़ियों की फीस उनके अनुभव पर निर्भर करती है. लिस्ट-ए में 0-20 मैच खेल चुके खिलाड़ियों को प्रति मैच 40,000 रुपये मिलते हैं. 21-40 मुकाबले खेल चुके प्लेयर्स को 50,000 रुपये प्रति मैच मिलती है और 41 से अधिक लिस्ट-ए खेलने वाले खिलाड़ियों के खाते में प्रति मैच 60,000 रुपये मिलती है. 

विराट कोहली की फीस होगी 60 हजार

बीसीसीआई के इस ढांचे के अनुसार विराट कोहली केटेगरी-3 में आते हैं. जी हां, भले ही वो 15 साल के बाद विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने वाले हैं, लेकिन वो लिस्ट-ए क्रिकेट में 41 से अधिक मुकाबले खेले हैं. इसके तहत उन्हें आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में एक मैच के  60,000 रुपये मिलेंगे.

अगर हम इसकी तुलना इंटरनेशनल क्रिकेट से करें, तो टीम इंडिया के लिए एक वनडे मैच खेलने पर कोहली को 6 लाख रुपये मिलते हैं, यानी विजय हजारे ट्रॉफी में उन्हें अंतरराष्ट्रीय मैच के मुकाबले महज 10 प्रतिशत फीस ही मिलेगी.

रोहित शर्मा की मैच फीस कितनी होगी?

विराट कोहली की तरह रोहित शर्मा भी बीसीसीआई के इस ढांचे के अनुसार, केटेगरी-3 में आते हैं. हिटमैन भी 41 से ज्यादा लिस्ट-ए क्रिकेट खेल चुके हैं और उन्हें भी विजय हजारे ट्रॉफी में एक मैच के 60000 रुपये मिलेंगे. 

विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली का रिकॉर्ड

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 15 साल के लंबे इंतजार के बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करेंगे. उनका आखिरी मैच फरवरी 2010 में गुड़गांव के टाटा एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट (टीआरआई) ग्राउंड में सर्विसेज के खिलाफ था। उस मैच में उन्होंने टीम की कप्तानी करते हुए 16 गेंदों में 8 रन बनाए थे. विराट कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी में अभी तक 14 मुकाबले खेले हैं और उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा है. मॉडर्न मास्टर ने इस टूर्नामेंट में 68.25 की औसत और 106.08 की स्ट्राइक रेट से 819 रन बनाए हैं. विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली के नाम अभी तक 4 शतक और 3 अर्धशतक है.

विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा 7 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करने वाले हैं. पूर्व भारतीय कप्तान ने आखिरी बार 17 अक्टूबर 2018 को बेंगलुरु में हैदराबाद के खिलाफ सेमीफाइनल में खेला था. बारिश से प्रभावित उस मैच में उन्होंने 17 रन बनाए थे, जिसे मुंबई ने जीता था. विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा ने अब तक 18 मुकाबले खेले हैं और 38.00 की औसत से 581 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और एक अर्धशतक शामिल है.

ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा की पत्नी और बेटी के साथ किसने की बदसलूकी? छलका दर्द, बताया पूरा सच