News in Brief

बाबर आजम इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं. हाल ही में बिग बैश लीग के दौरान स्टीव स्मिथ उन्हें स्ट्राइक देने से बचे, उन्होंने सिंगल लेने से इनकार किया जिसके चलते बाबर की फिफ्टी नहीं हुई. बाबर आजम इसके बाद काफी गुस्से में नजर आए थे. अब पाकिस्तान के ही पूर्व स्पिनर ने बाबर आजम के जख्म हरे कर दिए हैं. उन्होंने बाबर की सरेआम बेइज्जती कर दी है. कनेरिया ने कहा कि बिग बैश लीग के दौरान स्टीव स्मिथ का बाबर आजम को सिंगल के लिए मना करना सही फैसला था और टीम हित में लिया गया फैसला था. इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड या क्रिकेट एक्स्पर्ट्स को बखेड़ा नहीं खड़ा करना चाहिए. 

क्या बोले कनेरिया?

आईएएनएस से बात करते हुए दानिश कनेरिया ने कहा, ‘मैच में परिस्थिति के मुताबिक फैसले लिए जाते हैं. उस मैच में बाबर आजम से रन नहीं बन रहे थे. इसलिए स्टीव स्मिथ ने सिंगल लेने से मना कर दिया. इसमें कुछ भी गलत नहीं है. यह टीम हित में लिया गया फैसला था, और वैसे भी बाबर आजम कोई विव रिचर्ड्स नहीं हैं कि उन्हें सिंगल के लिए मना नहीं किया जा सकता. इस पर विवाद से बचना चाहिए.’

Add Zee News as a Preferred Source

सही साबित हुआ था स्मिथ का फैसला

स्टीव स्मिथ ने बाबर आजम को सिंगल मना करने के अगले ही ओवर में 32 रन बनाए थे और 41 गेंदों पर शतक लगाते हुए अपनी टीम को जीत दिलायी थी. एक मैच के दौरान मोहम्मद रिजवान को भी रिटायर्ड आउट कराया गया था. इस पर दानिश कनेरिया ने कहा, ‘पूर्व में भी ऐसा होता रहा है. आईपीएल में तिलक वर्मा के साथ ऐसा हो चुका है और इसे लेकर विवाद की स्थिति नहीं होनी चाहिए. टीम मैच की परिस्थिति के मुताबिक निर्णय लेती है. इसे लेकर पाकिस्तान के क्रिकेट विशेषज्ञों को बातें नहीं बनानी चाहिए.’

ये भी पढ़ें.. सरफराज के बाद एक और दोहरा शतक… बंगाल से निकला डबल सेंचुरियन, बोर्ड पर 500+ रन

बीबीएल में खेल रहे ये पाकिस्तानी क्रिकेटर्स

बिग बैश लीग (2025-26) में बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और शादाब खान जैसे पाकिस्तान के बड़े क्रिकेटर खेलने गए थे. लेकिन किसी ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित नहीं किया. शाहीन इंजरी की वजह से कुछ मैचों के बाद ही लीग से बाहर हो गए तो शादाब श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने के लिए लौट आए. बाबर, रिजवान, और हारिस को भरपूर मौका मिला जिसका फायदा ये खिलाड़ी नहीं उठा सके. बाबर और रिजवान धीमी बल्लेबाजी की वजह से आलोचना का शिकार रहे। वहीं हारिस रऊफ महंगे साबित हुए.

वापस लौटे बाबर आजम

बाबर 11 मैचों की 11 पारियों में 22.44 की साधारण औसत और 103.6 की स्ट्राइक रेट से 202 रन बना सके. बाबर के बल्ले से 2 अर्धशतक निकले. वहीं रिजवान 10 मैचों की 10 पारियों में 18.70 की औसत और 102.74 की स्ट्राइक रेट से 187 रन बना सके. रिजवान के बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं आया. बाबर अपनी टीम सिडनी सिक्सर्स के लिए चैलेंजर मैच में नहीं खेल पाएंगे. इस मैच से पहले ही वे पाकिस्तान लौट आए हैं। माना जा रहा है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप किया जाना था, इसलिए सम्मान सहित वह पहले ही टीम से अलग हो गए.