Bangladesh Hindu Leader Death: बांग्लादेश से खबर सामने आई है कि मशहूर हिंदू गायक और अवामी लीग के वरिष्ठ नेता प्रोलॉय चाकी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई है. उनकी उम्र करीब 60 साल थी. परिवार का कहना है कि जेल प्रशासन ने उन्हें सही समय पर इलाज नहीं दिया था, यही कारण है कि उनकी जान चली गई. वहीं पुलिस और जेल प्रशासन का दावा है कि उनकी मौत एकदम नेचुरल तरीके से हुई है. यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब देश में अल्पसंख्यकों पर हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं.
धमाके के मामले में गिरफ्तार
प्रोलॉय चाकी को 16 दिसंबर को पश्चिमी बांग्लादेश के पाबना जिले के दिलालपुर इलाके में उनके घर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उन्हें एक धमाके के मामले में गिरफ्तार दिखाया गया. यह मामला 2024 के छात्र आंदोलन से जुड़ा बताया जा रहा है. यह आगे चलकर जुलाई विद्रोह में बदला और उस आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था. उनके बेटे का कहना है कि गिरफ्तारी के वक्त प्रोलॉय के खिलाफ कोई ठोस मामला दर्ज नहीं था.
कई बीमारियों से जूझ रहे थे प्रोलॉय
पाबना जेल के सुपरिटेंडेंट मोहम्मद उमर फारूक ने बताया कि प्रोलॉय पहले से कई बीमारियों से जूझ रहे थे. उन्हें डायबिटीज और दिल की बीमारी थी. शुक्रवार को जेल में ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा. इसके बाद उन्हें पाबना जनरल अस्पताल ले जाया गया. हालत बिगड़ने पर उन्हें राजशाही मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं पर रविवार रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई. जेल प्रशासन का कहना है कि यह एक सामान्य मौत है.
बेटे सोनी चाकी ने बताई कुछ और वजह
प्रोलॉय के बेटे सोनी चाकी ने इन दावों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि उनके पिता को बिना किसी पुख्ता केस के जेल में रखा गया. जेल में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही. परिवार को इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई. उन्हें दूसरों से खबर मिली जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे. तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
कौन थे प्रोलॉय चाकी
प्रोलॉय चाकी सिर्फ एक राजनीतिक नेता ही नहीं थे, उनका सांस्कृतिक जगत में भी बड़ा नाम था. वे पाबना अवामी लीग की सांस्कृतिक शाखा के सचिव थे. इसके अलावा वे एक मशहूर गायक, संगीत निर्देशक और श्री श्री रामकृष्ण सेवाश्रम के सचिव भी रह चुके थे. 1990 के दशक में वे एक सक्रिय सांस्कृतिक कार्यकर्ता के तौर पर काफी पहचाने जाते थे.
बता दें कि प्रोलॉय की मौत ऐसे समय में हुई है जब बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं पर हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं. हाल के दिनों में कई जगहों पर आगजनी हुई है. अब तक सात हिंदुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है. इस घटना ने देश की राजनीति और समाज में एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया है.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में एक और हिंदू की हत्या… एक महीने में 51 हिंसक घटनाएं, नरसंहार का आंकड़ा हुआ 10 के पार
