Trump Warns Iran: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर कड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका हालात पर बहुत करीब से नजर रख रहा है. ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान में प्रदर्शनकारियों को मारा गया तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा. ईरान को वहां चोट पहुंचाएगा जहां उसे सबसे ज्यादा दर्द होगा. दूसरी तरफ ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई ने इन प्रदर्शनों के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है. साथ ही ट्रंप पर तीखा हमला बोला है।
व्हाइट हाउस से सख्त संदेश
डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में तेल और गैस सेक्टर के बड़े अधिकारियों के साथ बैठक की. साथ ही उस दौरान मीडिया से बात भी की. इस दौरान जब उनसे ईरान को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ईरान इस वक्त बड़ी मुश्किल में है. ट्रंप के मुताबिक ईरान के लोग उन शहरों में भी सड़कों पर उतर आए हैं जहां ऐसा होना किसी ने सोचा भी नहीं था.
बता दें कि ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान सरकार ने पहले की तरह प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई और लोगों को मारा तो, अमेरिका ईरान को बहुत जोरदार तरीके से जवाब देगा. ट्रंप ने साफ किया कि इसका मतलब जमीन पर सेना भेजना नहीं है, लेकिन ऐसी कार्रवाई होगी जिससे ईरान को गहरी चोट पहुंचे.
साथ ही ईरानी नेताओं को चेतावनी दे दी.
ईरान में तेजी से प्रदर्शन
नीति और युद्ध से जुड़े रिसर्च संस्थान इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर के मुताबिक 7 जनवरी के बाद से ईरान में प्रदर्शन तेजी से बढ़े हैं. ये प्रदर्शन अब सिर्फ छोटे इलाकों तक सीमित नहीं हैं. तेहरान जैसे बड़े शहरों और ईरान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों तक फैल चुके हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सरकार ने प्रदर्शन दबाने के लिए सख्ती बढ़ा दी है. कुछ इलाकों में इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स को भी तैनात किया गया है.
खामेनेई की अमेरिका पर आरोप
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इन प्रदर्शनों के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश में तोड़फोड़ कर रहे हैं. यह सब अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने के लिए किया जा रहा है. खामेनेई ने कहा कि ये लोग अपने ही देश की इमारतों और दीवारों को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
बता दें, खामेनेई ने डोनाल्ड ट्रंप को घमंडी और तानाशाह बताया है. उन्होंने कहा कि जो लोग विदेशियों के लिए काम करते हैं ईरानी जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करती. खामेनेई ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में कई ताकतवर और घमंडी शासक अपने सबसे ऊंचे दौर में ही सत्ता से गिराए गए हैं. जैसे फिरौन, निमरूद, रजा खान, मोहम्मद रजा, और उनके जैसे लोगों को ठीक उसी समय हटा दिए गए जब वे अपने घमंड के चरम पर थे. आगे ट्रंप का भी यही हाल होने वाला है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के टैरिफ पॉलिसी पर आज नहीं आया सुप्रीम कोर्ट का फैसला, अब और कितना करना होगा इंतजार?
